रोहतांग में बर्फ के दीदार को लगा पर्यटकों का मेला, 1200 वाहन मनाली से रवाना
देश व दुनिया से बर्फ के दीदार के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक रोहतांग पहुंच रहे हैं।
मनाली, जसवंत। बर्फ के दीदार को लेकर देश व दुनिया के पर्यटकों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले रोहतांग दर्रे में सैलानियों का जमघट लग गया है। सुबह सवेरे ही हजारों पर्यटक रोहतांग जा पहुंचे है। आज मनाली से 1200 पर्यटक वाहन रोहतांग रवाना हुए है। पर्यटकों की सुविधा के लिए एचआरटीसी ने भी मनाली से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी है। एकदम से मनाली में बढ़ी पर्यटकों की आमद से मनाली के सभी छोटे बड़े होटलों में रौनक लौट आई है।
रोहतांग दर्रे सहित मढी, गुलाबा, सोलंग नाला, अंजनी महादेव, वशिष्ठ, ढूंगरी, मनाली गांव, क्लब हाउस ओर नगर में सैलानियों की चहल कदमी से रौनक छा गई है। पर्यटक वाहनों की संख्या सीमित होने के कारण कुछ एक सैलानियों को रोहतांग दर्रे के दीदार करने को इंतजार करना पड़ा है। एनजीटी के आदेशानुसार प्रशासन 800 पेट्रोल और 400 डीजल इंजन वाहनो को ही रोहतांग भेज रहा है।
गुलाबा बेरियर में रोहतांग जाने वाले पर्यटक वाहनों की जांच की जा रही है। ऑन लाइन परमिंट प्राप्त वाहनों को ही वेरियर से आगे भेजा जा रहा है। बुधवार को एकदम से उमड़े सैलानियों के सैलाब से मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या गम्भीर हो गई है। बुधवार को रोहतांग गए सैलानियों सहित लाहुल से आलू लेकर आ रहे ट्रक चालकों व अन्य वाहन चालकों को भी भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा है।
रोहतांग दर्रे में हजारो सैलानियों की दस्तक से फोटोग्राफरों सहित कुलवी परिधान पहनने वाली महिलाओं का कारोवार भी चल पड़ा है। रोहतांग दर्रे में सैलानी बर्फ के दीदार कर रहे है तो सोलंग नाला में सैलानी पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक खेलो का आनंद ले रहे है। मनाली एसडीएम रमन घरसँगी ने बताया कि बुधवार को सभी 1200 परमिंट बुक हुए है। उन्होंने बताया कि पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने से ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ी है लेकिन प्रशासन ट्रैफिक को सुचारू करने में जुटा हुआ है। उन्होंने सैलानियो से आग्रह किया कि परमिंट प्राप्त पर्यटक वाहन ही रोहतांग दर्रे की ओर जाए।