सुनीता ठाकुर को चुना जिला अध्यक्ष
जिला कुल्लू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ की बैठक पूर्व अध्यक्ष कृष्णा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : जिला कुल्लू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ की बैठक कुल्लू में हुई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगों और समस्याओं पर चर्चा के बाद संघ की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें सुनीता ठाकुर को जिला कुल्लू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ की प्रधान चुना। इसके अलावा कृष्णा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, लता देवी महासचिव, उपाध्यक्ष विमला, झरणा देवी व दुर्गा देवी, कोषाध्यक्ष कांता देवी, सहायक कोषाध्यक्ष फूला देवी, मुख्य सलाहकार कमला देवी, सलाहकार हूमा देवी, प्रवक्ता रजन महंत, लेखा निरीक्षक मीना देवी, प्रेस सचिव मीना, संगठन सचिव जीवन कला व शांता देवी और कार्यालय सचिव किरण ठाकुर को बनाया गया। यशोदा, सरला, मंजू, मोहनी, हीरा, सजनी, कुशला, लीला देवी, वीना, वीना कुमारी-दो, दूर्गा व पदमा को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।
सुनीता ठाकुर ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगों को प्रमुखता से प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की कि स्कूलों में प्री नर्सरी कक्षाओं के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ही नियुक्ति की जाए, वरिष्ठता के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर या अन्य विभागों में नियुक्त किया जाए। अटल पेंशन योजना के लिए लाभार्थी के लिए उम्र 40 वर्ष से अधिक की जाए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 18000 रुपये, जबकि सहायिकाओं को 10 हजार रुपये प्रदान किया जाए।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष कृष्णा देवी, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष दिले राम ठाकुर भी मौजूद रहे।