रोहतांग सहित पहाड़ियों में बर्फ़बारी तीसरे दिन भी जारी, चहके पर्यटक
रोहतांग दर्रे में बर्फबारी तीसरे दिन भी जारी, लगातार गिर रहे हैं बर्फ के फाहे, लाहुल वासियों को हवाई सेवा का ही सहारा।
मनाली, जेएनएन। गर्मियों में देश व दुनिया के सैलानियों को बर्फ के दीदार करवाने वाले 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे में बर्फबारी का दौर तीसरे दिन भी जारी है। रोहतांग सहित कुल्लू मनाली और लाहुल स्पिति के पहाड़ों में लगातार बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही अब सर्दियों के लिए बंद हो गई है।
पैदल राहगीरों की कदमताल भी थम गई है। रोहतांग दर्रे के बंद होने से लाहुलियों को अब हवाई सेवा का ही सहारा है। हालांकि हवाई सेवा शुरू करने को तैयारियां कर ली गई है लेकिन अभी तक सेवा शुरू होने की तिथि निर्धारित नही हो पाई है। रोहतांग दर्रे सहित मनाली के पर्यटन स्थल राहनीनाला, मढी, ब्यासनाला, चुमकमोड, राहलाफाल, गुलाबा, कोठी, सोलांनाला, फातरु और अंजनीमहादेव में बर्फ के ढेर लग गए है।
इन पर्यटनस्थल में आने वाले समय मे सैलानी कई दिनों तक बर्फ के दीदार कर सकेंगे। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से बागवान किसान ओर पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग भी खुश हैं। लाहुल घाटी में हालांकि बर्फ़बारी थमी हुई है लेकिन तापमान लुढ़कने से ठंड प्रचंड है। लोग घरों से बाहर नही निकल पा रहे हैं। घाटी में बस सेवा प्रभावित है लेकिन छोटे वाहन आज सरपट दौड़ने लगे हैं।
मनाली के पर्यटन स्थलों में बिछी बर्फ के सफेद चादर सैलानियों को आकर्षित करने लगी है। मनाली के सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से चहक उठे हैं। वीरवार को भी सैलानी सोलांनाला, अंजनी महादेव और कोठी में आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहो का आनंद ले रहे हैं। मनाली एसडीएम रमन घरसेंगी ने बताया कि सैलानियों को सोलंगनाला, अंजनी महादेव और हामटा पर्यटन स्थल बहाल रखा है। सैलानी इन स्थलों में बर्फ़बारी का आनंद ले रहे हैं।