हजारों सैलानियों से मनाली सराबोर
बर्फ के दीदार करने के शौकीन हजारों सैलानी इन दिनों मनाली आए ह
जागरण संवाददाता, मनाली : बर्फ के दीदार करने के शौकीन हजारों सैलानी इन दिनों मनाली आए हैं। यहां की वादियां बर्फ से लकदक हैं। लाहुल को कुल्लू से जोड़ने वाले 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। ताजा बर्फबारी होने से पहाड़ और भी आकर्षक हो गए हैं। सोमवार को धूप खिलते ही पहाड़ चांदी से निखर उठे। बर्फबारी होने से लाहुल सहित मनाली घाटी में ठंड बढ़ गई है। उधर, रोहतांग दर्रे सहित राहनीनाला, मढ़ी, धुंधी जोत, पतालसू जोत, इंद्र किला, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरबे व शिकरबे की पहाड़ियों, भृगु व दशौहर की पहाड़ियों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। मनाली के पर्यटन स्थल नेहरूकुंड, पलचान, कोठी, सोलंगनाला, फातरू, अंजनी महादेव, हामटा और गुलाबा बर्फ से लद गए हैं। लाहुल में बारालाचा दर्रे सहित ¨जग¨जगबार, दारचा की पहाड़ियों, मयाड़ घाटी, घेपन पीक, लेडी आफ केलंग, कुंजुम जोत, दारचा की पहाड़ियों, शिला पीक, बढ़ा व छोटा ¨शगरी ग्लेशियर व नील कंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के ढेर लग गए हैं।
दूसरी ओर सोमवार को सुबह ही मनाली व आसपास के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की चहलकदमी शुरू हो गई। सैलानियों ने नेहरूकुंड व पलचान का रुख किया। पर्यटकों ने मनाली के नजदीक ही नेहरूकुंड में बर्फ का आनंद लिया। फोटोग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा दत्त ने बताया कि नेहरूकुंड में सुबह से ही सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सैलानी बर्फ का आनंद ले रहे हैं और फोटोग्राफी कर लम्हों को कैमरे में भी कैद कर रहे हैं।
उधर, एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि मनाली व आसपास के क्षेत्रों में बर्फ के ढेर लग गए हैं। सैलानी आसपास के क्षेत्रों में ही बर्फ का आनंद उठाएं। मौसम की परिस्थितियों के अनुसार ही सैलानियों को पलचान व सोलंग जाने की अनुमति दी जाएगी।