पर्यटकों के खिले चेहरे! हिमाचल के रोहतांग में जमकर हुई स्नोफॉल, 4 इंच तक जमी बर्फ; देखें शानदार Photos
मशहूर पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में चार इंच ताजा हिमपात हुआ है, जिससे मनाली में पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।

रोहतांग में बर्फबारी (जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
रोहतांग दर्रे पर चार इंच ताजा हिमपात, पर्यटकों में उत्साह
बर्फबारी से मनाली में पर्यटन कारोबार को मिली रफ्तार
सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप से रौनक बढ़ी
जागरण संवाददाता, मनाली। मशहूर पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में बीती रात चार इंच ताजा हिमपात हुआ है। रात भर हुई बर्फबारी के बाद सुबह धूप निकलते ही रोहतांग का नजारा खिल उठा।
सफेद चादर ओढ़े पहाड़ों को देखने के लिए पर्यटक सुबह से ही रोहतांग की ओर रवाना होने लगे है।
हिमपात की खबर मिलते ही मनाली में पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। सप्ताहांत होने के चलते मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

रोहतांग पहुंची महिला पर्यटन कारोबारियों उर्मिला, तुली और रेशमा ने बताया कि ताजा बर्फबारी से रोहतांग दर्रा निखर उठा है। बर्फ का आनंद लेने के लिए पर्यटक सुबह सात बजे से ही रोहतांग पहुंचने शुरू हो गए हैं।

ठंड के बावजूद पर्यटकों में बर्फ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। होटल कारोबारी विम्पी, हैप्पी और किशन राणा ने कहा कि सप्ताहांत और बर्फबारी के चलते होटलों की ऑक्यूपेंसी में बढ़ोतरी हुई है। आज शाम तक भारी संख्या में पर्यटकों के मनाली पहुंचने की उम्मीद है। कई होटलों में पहले से ही एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि सप्ताहांत में हुए हिमपात से पर्यटन को रफ्तार मिलेगी। ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में मनाली पहुंच रहे हैं।

रोहतांग के अलावा सोलंगनाला, अटल टनल और कोठी में भी बर्फबारी का लुत्फ लिया जा सकता है। दूसरी ओर आज मनाली के मशहूर पर्यटन स्थल सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग का प्री वर्ल्ड कप भी शुरू हो रहा है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के 90 से अधिक पायलट भाग ले रहे हैं। प्री वर्ल्ड कप के चलते भी पर्यटन नगरी मनाली में रौनक बढ़ गई है।
