लगघाटी मर्डर केस: पुलिस ने 19 घंटे में पकड़ा आरोपित, आपसी रंजिश में तेजधार हथियार से चार वार कर की हत्या
Lagghati Murder case जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी में दिनदहाड़े व्यक्ति की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।
कुल्लू, जेएनएन। जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी में दिनदहाड़े व्यक्ति की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने आपसी रंजिश के कारण हीरा लाल की हत्या कर दी। पुलिस ने 24 वर्षीय दर्शन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तेजधार हथियार से तीन से चार वार किए थे। पुलिस का कहना है युवक ने मर्डर की पहले से प्लांनिग की थी। पुलिस ने 19 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस का कहना है व्यक्ित पर जानलेवा हमले के दौरान आरोपित खुद भी जख्मी हुआ है।
सोमवार सुबह हीरा लाल पुत्र छेनकू राम गांव चेलमील पंचायत माशण का खून से लथपथ शव रास्ते में पड़ा था। वह दूध बेचने (दोधी) का काम करता था। हीरालाल की पत्नी रेशमा दोनों बच्चों को स्कूल छोडऩे जा रही थी। रास्ते में उसने हीरा लाल को खून से लथपथ पड़ा देखा तो शोर मचाया। बच्चों ने भी पिता को देखकर चिल्लाना शुरू कर दिया। इस बारे में पंचायत उपप्रधान यशवंत सिंह को सूचना दी गई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। हीरालाल के सिर पर आगे व पीछे से वार किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं उपप्रधान यशवंत सिंह ने बताया हीरालाल बहुत साधारण व्यक्ति था। वह किसी से ज्यादा बात भी नहीं करता था। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।