काजा की तुध घाटी में रोपे 2000 पौधे
लाहुल स्पीति प्रशासन व तुध वैली के लोगों ने मिलकर करीब 2000 पौधे रोपकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जागरण संवाददाता, मनाली : लाहुल-स्पीति प्रशासन व तुध वैली के लोगों ने मिलकर करीब 2000 पौधे रोपे हैं। स्पीति के कार्यक्षेत्र में पहली बर्फबारी के दौरान जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों ने पहले से ही पौधरोपण करने का कार्यक्रम तय किया हुआ था। 700 लोगों ने मिलकर इस काम को अंजाम दिया। पहली बार तुध में 2000 पौधे लगाए गए हैं। इससे पहले इतना बड़ा पौधरोपण कार्यक्रम क्षेत्र में नहीं हो सका है। पौधरोपण कार्यक्रम में एडीएम ज्ञान सागर नेगी ने भी शिकरत की। उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में पौधरोपण की काफी अहम भूमिका है। स्पीति में काफी कम वनस्पति पाई जाती है। एडीएम ज्ञान सागर ने कहा क्षेत्र में जहां-जहां भी पौधरोपण की संभावना है। वहां पर प्रशासन स्थानीय लोगों की मदद से पौधे रोपेगा। साथ यह भी सुनिश्चित करेगा कि जो पौधे रोपे हैं उन्हें संरक्षित किया जाए। इसी कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जीवन सिंह नेगी व खंड विकास अधिकारी नियॉन धैर्य शर्मा ने कहा कि लोगों में इस पौधरोपण को लेकर काफी उत्साह देखा गया।