बर्फ में फंसे पर्यटकों का सहारा बने पंकज
जलोड़ी जोत में 26 दिसंबर को बर्फ में फंसे पर्यटकों के लिए पंकज सहारा बने हैं।
संवाद सहयोगी, आनी : जलोड़ी जोत में 26 दिसंबर को बर्फ में फंसे पर्यटकों के लिए जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार सहारा बने। पंकज ने आनी विधानसभा क्षेत्र को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10280 फीट की ऊंचाई पर स्थित पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रे में फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू करने के लिए स्थानीय युवाओं के साथ उतरकर फिर मिसाल पेश की है।
पंकज परमार किसी जरूरी काम से जलोड़ी दर्रे से होकर गुजर रहे थे। उन्होंने वहां बर्फ में फंसे पर्यटकों को देखा। उन्होंने पर्यटकों को सकुशल निकालने में द जलोड़ी टूरिज्म डेवेलपमेंट कोआपरेटिव सोसायटी के सदस्य रवि ठाकुर, कुशल ब्रामटा, सनी ठाकुर, जय सिंह, पंकुश ठाकुर और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। उन्होंने कई घंटे की मशक्कत के बाद पर्यटकों को सुरक्षित निकाला। पंकज परमार लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। वह गत दिनों पीठ पर राहत सामग्री का ट्रंक उठाए घंटों पैदल चलकर अग्निकांड प्रभावितों की मदद के लिए पहुंचे थे। उन्होंने आनी की निवासी एक गरीब महिला बिदरू देवी के अंधेरे आशियाने को दीवाली के दिन अपने घर से सोलर लाइट देकर रोशन किया था। वह ऐसे न जाने कितने कार्यो को अंजाम दे चुके हैं।
पंकज परमार ने द जलोड़ी टूरिज्म डेवेलपमेंट कोआपरेटिव सोसायटी के युवा सदस्यों की रेस्क्यू टीम का हौसला बढ़ाया है। वहीं, बर्फ में फंसे और सुरक्षित रेस्क्यू किए गए पर्यटकों ने पंकज परमार और अन्य टीम सदस्यों का आभार जताया है।
मैं अपने पिता के आदर्शो को अपनाकर लोगों की सेवा कर रहा हूं। कुल्लू जिला में लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया है।
पंकज परमार, अध्यक्ष, जिला परिषद कुल्लू