सैंज घाटी के पकाहुडी गांव के धंसने का खतरा
संवाद सहयोगी कुल्लू कुल्लू जिले की सैंज घाटी में भारी वर्षा से कई गांव जमींदोज होने के क
संवाद सहयोगी, कुल्लू : कुल्लू जिले की सैंज घाटी में भारी वर्षा से कई गांव जमींदोज होने के कगार पर हैं। लगातार हो रहा भूस्खलन ग्रामीणों की चिता सता रही है। देहुरीधार पंचायत के केउली, बनोगी के सोती और सुचैहण के धारा गांव के बाद अब दुशाहड पंचायत के पकाहुडी गांव पर खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीण अपने घरों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
प्रशासन धंस रहे गांवों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। दुशाहड पंचायत के पकाहुडी गांव में बीते कई दिनों से भूस्खलन हुआ है। गांव के पांच घर और 25 बीघा जमीन खतरे की जद में है। ग्रामीण रमेश कुमार , झाबे राम, राम प्रकाश, कमला देवी और चुनी लाल के घर भूस्खलन से खतरे की जद में है। इसकी जमीन खिसक रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी सूचना तहसीलदार सैंज को दे दी गई है। सड़क का मलबा गांव में आ रहा है। इससे गांव का अस्तित्व मिटने के कगार पर है। सड़क के मलबे ने तबाही मचाई हुई है। संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने घर खाली कर दिए हैं।
तहसीलदार सैंज हीरा चंद नलवा ने बताया कि घाटी की कई पंचायतों से मकान और जमीन को खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने कई गांव में मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार की है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा है। पटवारी, कानूनगो और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों को स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। धारा, केउली और सोती में खतरा बरकरार सुचैहण पंचायत के धारा, बनोगी पंचायत के सोती और देहुरीधार पंचायत के केउली गांव को भी खतरा बना हुआ है। देहुरीधार पंचायत के प्रधान भगत राम ने बताया कि प्रशासन ने केउली गांव का संयुक्त निरीक्षण किया है। गांव को बचाने का आश्वासन दिया है। सोती में भूस्खलन होने से ग्रामीण खौफजदा हैं। सैंज घाटी के गांव में मौके पर निरीक्षण के आदेश दिए हैं। ग्रामीणों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
आशुतोष गर्ग, उपायुक्त कुल्लू।