रोहतांग दर्रे की बर्फीली वादियां बनी पर्यटकों की पहली पसंद, एक दिन में पहुंचे 900 से अधिक वाहन
रोहतांग दर्रा एक फीट से अधिक बर्फबारी के बाद पर्यटकों का पसंदीदा स्थल बन गया है, जहां सोमवार को 973 परमिट बुक हुए और भारी भीड़ उमड़ी।
-1792434881201_m.webp)
रोहतांग की बर्फीली वादियां बनी पर्यटकों की पसंद।
HighLights
रोहतांग दर्रे पर एक फीट से अधिक बर्फबारी।
सोमवार को 973 परमिट बुक, पर्यटकों की भारी भीड़।
मनाली में दशहरा सीजन की रौनक, पर्यटन स्थलों पर भीड़।
जागरण संवाददाता, मनाली। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे की बर्फीली वादियां पर्यटकों की पसंद बन गई है। रोहतांग दर्रे में एक फीट से अधिक बर्फ की परत बिछी हुई है। हिमपात के बाद दर्रे में लगातार पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। रोहतांग दर्रे के लिए सोमवार को 973 परमिट बुक हुए। डीजल इंजन के 400 में से 399 जबकि पेट्रोल इंजन के 800 में से 574 परमिंट बुक हुए।
पर्यटकों ने सोमवार को मढ़ी सहित रोहतांग, कोकसर, सिस्सु, अटल टनल के दोनों छोर व सोलंगनाला में साहसिक खेलों का आनंद लिया। रोहतांग में फोटोग्राफी का काम कर रहे कारोबारी जगदीश, ईश्वर, रवि व चुनी ने बताया कि सोमवार को दर्रे में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। पर्यटक यहां की बर्फीली वादियों का खूब आनंद ले रहे है और वादियों को कैमरे में कैद के रहे है।
दूसरी ओर ऐतिहासिक माता हिडिंबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय निवासियों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद लिया।
पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर यहां का माहौल बेहद भक्तिमय रहा। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि कुल्लू मनाली में धीरे धीरे दशहरा सीजन रफ्तार पकड़ने लगा है। सभी पर्यटन स्थलों में रौनक छाई हुई है।
