वशिष्ठ वार्ड में लहराऊंगी भगवा : मीना ठाकुर
जागरण संवाददाता मनाली जिला परिषद के वशिष्ठ वार्ड से भाजपा समर्थित प्रत्याशी मीना ठाकुर पहल
जागरण संवाददाता, मनाली : जिला परिषद के वशिष्ठ वार्ड से भाजपा समर्थित प्रत्याशी मीना ठाकुर पहली बार भगवा लहराने की तैयारी में जुट गई हैं। इस वार्ड में कांग्रेस का ही दबदबा रहा है। इस बार भाजपा ने यहां खाता खोलने की पूरी तैयारी कर ली है।
शिक्षा मंत्री गोविद ठाकुर सहित प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने स्वयं प्रचार की कमान संभाली है। मंत्री गोविद ठाकुर के प्रचार के दौरान हर गांव में भारी भीड़ देखने को मिली है। गोविद ठाकुर सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के नाम पर जनता से मीना के पक्ष में वोट देने का आग्रह कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से स्वयं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरी चंद शर्मा भी इस वार्ड में डटे हुए हैं लेकिन भाजपा इस बार इस वार्ड में कब्जा करना चाहती है।
भाजपा मंडल के अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर सहित महामंत्री ठाकुर दास भी प्रचार में जुटे हुए हैं। वशिष्ठ वार्ड से भाजपा प्रत्याशी मीना ठाकुर पंचायत प्रधान यह चुकी हैं। मीना ठाकुर ने कहा कि वशिष्ठ वार्ड की जनता उन्हें सेवा का मौका देती है तो वह सभी पंचायतों का सामान विकास करेंगी और हर वर्ग को ध्यान में रखकर सभी के सहयोग से विकास के कार्यों को अंजाम देंगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि उन्होंने लगातार चार बार नसोगी वार्ड से जिला परिषद का चुनाव जीतकर इतिहास बनाया है। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्हें वशिष्ठ वार्ड में प्रचार का मौका मिला है। धनेश्वरी ने कहा कि वशिष्ठ वार्ड की हर पंचायत से जो समर्थन मिल रहा है उससे मीना की जीत पकी है और पहली बार वशिष्ठ वार्ड में भगवा लहराने को बेताव है।