विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनाली में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन; होटल हुए फुल

Published: Sat, 03 Oct 2026 05:45 AM (IST)

मानसून के बाद लंबे वीकेंड और त्योहारों के कारण मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई है।

लॉन्ग वीकेंड पर मनाली में उमड़ी सैलानियों की भारी भीड़। फोटो सोर्स- एएनआई।

लॉन्ग वीकेंड पर मनाली में उमड़ी सैलानियों की भारी भीड़। फोटो सोर्स- एएनआई।

HighLights

  1. मानसून के बाद मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़

  2. लंबे वीकेंड और त्योहारों से पर्यटन कारोबारियों में खुशी

  3. मनाली में भारी ट्रैफिक जाम, प्रशासन ने की अपील

डिजिटल डेस्क, कुल्लू। मानसून के बाद हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। त्यौहारों और लंबे वीकेंड की वजह से पर्यटन स्थल मनाली में सैलानी पहुंच रहे हैं। शुक्रवार (2 अक्टूबर, 2026) को सरकारी छुट्टी की वजह से लंबे वीकेंड का आनंद लेने के लिए देश के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं।

शुक्रवार को पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या की वजह से मनाली और इसके आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई है। जिसकी कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं।

मनाली प्रवेश द्वार से लेकर मॉल रोड, सोलांग नाला और अटल टनल जाने वालों मार्गों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। जिसकी वजह से कुछ ही किलोमीटर की दूरी तय करने में पर्यटकों को घंटों का समय लग गया।

का़रोबारियों के खिले चेहरे

हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे वीकेंड की वजह से अधिकांश होटल और होमस्टे फुल चल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मंदी की मार झेल रहे कारोबारियों में खुशी की लहर है। वहीं, टैक्सी ऑपरेटरों और दुकानदारों के भी चेहरे खिले-खिले नजर आ रहे हैं।

आज और भीड़ बढ़ने की संभावना

देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक छुट्टियां मनाने के लिए हिमाचल पहुंच रहे हैं और आज और ज्यादा सैलानियों के आने की उम्मीद है। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय ड्राइवरों से यातायात नियम बनाए रखने की अपील की है। इतना ही नहीं, पीक आवर्स के दौरान अनावश्यक यात्रा से भी बचने की सलाह दी है।

(सामाचार एजेंसी एएनआई की इनपुट के साथ)