सैलानी छह महीने तक नहीं कर पाएंगे मनाली-लेह मार्ग का रोमांच भरा सफर, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला
Manali Leh National Highway closed सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर अब सैलानी सुहाने सफर का आनंद नहीं ले पाएंगे।
मनाली, जागरण संवाददाता। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर अब सैलानी सुहाने सफर का आनंद नहीं ले पाएंगे। यह मार्ग आज से आधिकारिक तौर पर बंद हो गया है। सर्दी के मौसम में बर्फबारी होने के कारण यह अति महत्वपूर्ण मार्ग करीब छह महीने तक बंद रहेगा, गर्मियों में मई तक मार्ग बहाल हो पाएगा। हालांकि बर्फबारी होने तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अपने जोखिम पर जारी रह सकती है। लेकिन कुंजुम, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में अचानक होने वाली बर्फबारी कभी भी सैलानियों व राहगीरों के मार्ग में बाधक बन सकती है। लाहुल-स्पीति प्रशासन ने 22 सितंबर को सरचू स्थित अपनी अस्थायी पुलिस चौकी हटा ली थी, जबकि 15 अक्टूबर को दारचा मेें अस्थायी चौकी भी हटाई जा रही है। साथ ही काजा मार्ग भी आधिकारिक तौर पर बंद हो गया है।
बीआरओ ने इस साल जून के पहले सप्ताह मनाली को लेह से जोड़ा था तथा आठ जून को सेना के वाहन बारालाचा दर्रे के आरपार कर गए थे, जबकि जून के अंत में काजा मार्ग भी बहाल हो गया था। तब से लेकर अभी तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है। बीआरओ ने हालांकि दारचा व आसपास के क्षेत्रों में काम जारी रखा है, लेकिन मनाली लेह मार्ग के आधिकारिक तौर पर बंद होने से राहगीरों व सैलानियों को सफर करना जोखिम भरा रहेगा।
बीआरओ मनाली लेह मार्ग के डार्कगा में भागा नदी पर इस मार्ग का सबसे लंबा पुल बना रहा है। 360 मीटर लंबे इस पुल का कार्य भी अंतिम चरण में है। दूसरी ओर चंद्रताल झील से भी पर्यटन कारोबारियों ने अपना सामान समेट लिया है। देश-विदेश के सैलानी अब अगले साल ही चंद्रताल झील के दर्शन कर सकेंगे।
बीआरओ लेह मार्ग के दारचा में भागा नदी में 360 मीटर लंबा पुल बना रही है। पुल का कार्य अंतिम चरण में है। इसी साल पुल जनता को समर्पित करने की योजना है। -कर्नल उमा शंकर, कमांडर बीआरओ।
स्पीति व लेह मार्ग 15 अक्टूबर से आधिकारिक तौर पर बंद हो रहा है। सैलानियों से आग्रह है कि वो अब इन मार्ग पर सफर करने का जोखिम न उठाएं। लेह व स्पीती के लोग भी मौसम देखकर ही बारालाचा दर्रे को आरपार करें। दारचा से भी अस्थायी पुलिस चौकी को हटा लिया गया है। -अमर नेगी, एसडीएम केलांग।