मनाली की वादियों में खिली धूप के बीच एडवेंचर गेम्स का लुत्फ, बर्फीली वादियों में उमड़े पर्यटक
Tourist in Manali सैलानियों की पंसदीदा पर्यटन नगरी मनाली में हुई भारी बर्फबारी के बाद खिली धूप में स्नो गेम्स का लुत्फ लेने के लिए सैकड़ों पर्यटक रोजाना यहां पहुंचने लगे हैं।
मनाली, जेएनएन। सैलानियों की पंसदीदा पर्यटन नगरी मनाली में हुई भारी बर्फबारी के बाद खिली धूप में स्नो गेम्स का लुत्फ लेने के लिए सैकड़ों पर्यटक रोजाना यहां पहुंचने लगे हैं। पर्यटक यहां के सुहावने मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। घाटी में खिली गुनगुनी धूप से पहाड़ों पर पड़ी बर्फ चांदी की पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही है। मनाली के पहाड़ों में जहां भी नजर दौड़ाई जाएं, वहां बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है।
बर्फबारी ने मनाली के पर्यटन कारोबार को चार चांद लगा दिए हैं। कारोबार के हिसाब से जनवरी के बाद अब फरवरी महीना भी बेहतर चल रहा है। हालांकि पर्यटकों का अभी उस तरह से सैलाब नहीं उमड़ा है लेकिन मार्च 15 के बाद पर्यटन कारोबार और गति पकेडगा।
इन दिनों मनाली आ रहे पर्यटक पर्यटन स्थल अंजनी महादेव, फातरु, सोलांग, कोठी व हामटा में एडवेंचर खेलों पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग, स्नो स्कूटर, स्नो स्लेज, माउंटेन बाइक और घुड़सवारी का खूब मजा ले रहे हैं। पर्यटन कारोबारी रोशन ठाकुर, मुकेश, पूर्ण, रूप लाल व वेद राम ने बताया मनाली में बीते दिनों हुई बर्फबारी यहां के पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी साबित हुई है। सर्दियों में लगातार बर्फ़बारी का क्रम जारी रहने से पर्यटकों के आने का क्रम भी लगा रहा।
मनाली व आसपास के सभी पर्यटन स्थलों हिडिंबा परिसर, मनु मंदिर, क्लब हाउस, वशिष्ठ, नेहरूकुंड, कोठी, पलचान, सोलंगनाला, फातरू, अंजनी महादेव में पर्यटकों से रौनक लगी हुई है। हामाटा में पर्यटन कारोबार चला रहे पूर्व प्रधान कुंदन ने बताया कि यहां बने इग्लू सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने बताया सैलानी खिली धूप के बीच बर्फ के इग्लू में रहने का आनंद ले रहे हैं। साथ ही साहसिक खेलों का भी लुत्फ उठा रहे हैं।एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलारियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इस पर प्रशासन की नजर है।