मनाली-लेह मार्ग पर भूस्खलन, 10 घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार Kullu News
मनाली-लेह मार्ग पर भूस्खलन होने से वाहनों की रफ्तार 10 घंटे थमी रही। जिससे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। भूस्खलन से नालागढ़-रामशहर मार्ग करीब आधा घंटा बंद रहा।
शिमला/मनाली, जेएनएन। जुलाई का पहला पखवाड़ा बीतते ही हिमाचल में मानसून रंग दिखाने लगा है। प्रदेश में बारिश के कारण कई जगह लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। मनाली-लेह मार्ग पर जिंगजिंगबार में भूस्खलन होने से बुधवार को वाहनों की रफ्तार 10 घंटे थमी रही। दोपहर को बंद हुई सड़क को बहाल करते ही वाहनों की आवाजाही शुरू हुई तो एक ट्रक दलदल में फंस गया। दलदल में फंसे ट्रक को निकालने में दो घंटे लग गए।
सोलन जिला में बारिश के कारण हुए भूस्खलन से नालागढ़-रामशहर मार्ग करीब आधा घंटा बंद रहा। बिलासपुर के औहर में भारी बारिश के कारण एक पुलिया बह गई। वहीं, ज्योरीपत्तन-धराड़सानी संपर्क मार्ग नाले में जलस्तर बढ़ने से अवरुद्ध हो गया। हालांकि बारिश का असर तापमान पर पड़ा है।
प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह व शाम ठंड होने लगी है। पिछले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में पहले के मुकाबले तापमान में गिरावट आई है।
बंद रहीं 11 सड़कें
सोलन, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा सहित प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बुधवार को बारिश हुई। बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रदेश में 11 सड़कें बंद रहीं। सोलन में एक, नाहन में पांच और मंडी में पांच सड़कें बंद रहीं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया
जा रहा है ।
23 तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 23 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। प्रदेश मैदानी, मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 23 जुलाई तक बारिश हो सकती है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान अधिकतम न्यूनतम
शिमला 19.9 15.2
सुंदरनगर 30.1 21.5
भुंतर 29.4 19
कल्पा 18.5 12.1
धर्मशाला 28.8 17.8
ऊना 33.2 23.7
नाहन 26 15.3
केलंग 16.9 10.1
सोलन 27 18.6
कांगड़ा 31 22.2
मंडी 30 18
बिलासपुर 25 21.4
हमीरपुर 24 21.3
चंबा 30.1 19.9
तापमान डिग्री सेल्सियस में