स्वच्छता के प्रहरी सम्मानित
कुल्लू के अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सफाई व्यवस्था बहुत अच्छी रही। इसके लिए स्थानीय नगर परिषद जिला प्रशासन और सभी सफाई कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सफाई व्यवस्था बहुत अच्छी रही। इसके लिए स्थानीय नगर परिषद, जिला प्रशासन और सभी सफाई कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। यह बात वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री तथा कुंजलाल दामोदरी ठाकुर सेवार्थ के मुख्य ट्रस्टी गोविद सिंह ठाकुर ने कही। ठाकुर कुंजलाल दामोदरी ठाकुर सेवार्थ ट्रस्ट की ओर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित किए गए समारोह के दौरान गोविंद ठाकुर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि तीन वर्षो के दौरान ट्रस्ट के माध्यम से कई जरूरतमंद लोगों की मदद की गई है। 100 से अधिक मेडिकल जांच शिविर आयोजित किए हैं। पिछले दो वर्षों से ट्रस्ट ने अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं को प्रायोजित करके कुल्लूवासियों को कई स्टार कलाकारों से रूबरू करवाया है।
इस मौके पर सांसद रामस्वरूप शर्मा, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिलाधीश डॉ. ऋचा वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, ट्रस्टी रजनी ठाकुर के अलावा नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत सहित अन्य पार्षद भी उपस्थित रहे। स्वच्छता में हाथ बंटाने वाले लोग सम्मानित
वन मंत्री ने दशहरा उत्सव में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले 300 स्वच्छता सेनानियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े सुपरवाइजरों तथा टीम लीडरों को उपहार भेंट किए गए। इसके अलावा नेहरू युवा केंद्र के 54 और री-इमेजिन संस्था के 43 स्वयंसेवियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। सीवरेज कर्मी भी होंगे सम्मानित
वन मंत्री ने कहा कि मनाली के विटर कार्निवाल के दौरान कुल्लू, मनाली और भुंतर की सीवरेज व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। अगले वर्ष दशहरा उत्सव के दौरान सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले स्वच्छता सेनानियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय जिनमें 25, 15 व 10 हजार रूपये के नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।