मनाली में सैलानियों ने बर्फ के बीच मनाई होली
जागरण संवाददाता मनाली मौसम ने होली पर फिर करवट बदल ली है। पर्यटन नगरी मनाली के पलचान
जागरण संवाददाता, मनाली : मौसम ने होली पर फिर करवट बदल ली है। पर्यटन नगरी मनाली के पलचान और सोलंग में बर्फबारी हो रही है, यहां पर्यटक बर्फ के साथ होली खेल रहे हैं। मनाली सहित निचले इलाकों में बारिश का क्रम जारी है। इससे मौसम फिर ठंडा हो गया है। रोहतांग सहित लाहुल घाटी में भी सुबह से बर्फबारी जारी है। समूचा प्रदेश एक बार फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है। इस बार सर्दियों में अधिक बर्फबारी व बारिश होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। तीन दिन धूप खिलने से मनाली वासियों व लाहुलियों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन मौसम के करवट बदलते ही एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ी है। लेकिन पर्यटन कारोबारियों व पर्यटक बर्फ के बीच होली का आनंद ले रहे हैं।
बुधवार को रोहतांग दर्रे सहित मकरबेद शिकरबेद, हनुमान टीबा, इंद्र किला, हामटा, रानी सुई, भृगु लेक, दशोहर झील, चंद्रखनी, फोजल जोत, नगर की ऊंची पहाडिय़ों, छोटा व बड़ा शिघरी ग्लेशियर, समस्त चंद्रा घाटी, कोकसर, गाहर वैली, मयाड़ वैली में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। साथ ही मनाली के पर्यटन स्थल राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल, सोलंगनाला, अंजनी महादेव, फातरु और धुंधी में भारी बर्फबारी का दौर जारी है।
फोटोग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा ने बताया कि सैलानियों ने आज सोलंगनाला में बर्फ की होली मनाई। मौसम का अब खराब रहना बढ़ा सकता है दिक्कतें
सर्दियों में हुई बर्फबारी व बारिश से जमीन में नमी अधिक हो गई है जिस कारण भूस्खलन अधिक हो रहा है। मनाली घाटी में हर कहीं भूस्खलन हो रहा है। लगातार खराब चल रहे मौसम के कारण बागवान किसान खेतों का रुख नहीं कर पा रहे।