विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू में दिल्ली का कार सवार बना हैवान, सड़क पर व्यक्ति को 25 फीट तक घसीटने के बाद गाड़ी रिवर्स कर फिर रौंदा

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 02 Jun 2026 01:13 PM (IST)Updated: Tue, 02 Jun 2026 01:19 PM (IST)

कुल्लू में एक दिल्ली नंबर की कार के चालक ने एक व्यक्ति को टक्कर मारकर 25 फीट तक घसीटा और ...और पढ़ें

दिल्ली के कार सवार की ओर से रौंदा गया व्यक्ति व मौके पर पहुंची पुलिस।

दिल्ली के कार सवार की ओर से रौंदा गया व्यक्ति व मौके पर पहुंची पुलिस।

HighLights

  1. कुल्लू में कार चालक ने व्यक्ति को रौंदा, मौत।

  2. 25 फीट घसीटकर रिवर्स कर दोबारा चढ़ाई कार।

  3. दिल्ली के विक्रांत विज पर हत्या का मामला दर्ज।

संवाद सहयोगी, पतलीकूहल (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। नग्गर रोड स्थित फार्म क्षेत्र में एक कार सवार ने व्यक्ति को बुरी तरह से रौंद डाला। टक्कर के बाद कार से व्यक्ति को 25 फीट तक घसीटा। इसके बाद कार को बैक कर फिर से उस पर चढ़ा दिया। व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर दिल्ली नंबर की कार के चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नशे में था कार सवार

पुलिस को दिए बयान में टैक्सी चालक ओमप्रकाश निवासी छनाल्टी, तहसील एवं जिला कुल्लू ने बताया कि सोमवार  वह मढ़ी कारवॉश से अपनी गाड़ी धुलवाने के बाद नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली नंबर की कार डीएल 12सीयु 0584 ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक किया। ओमप्रकाश के अनुसार कार में दो युवक और एक युवती सवार थे तथा चालक कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था।

गलत दिशा में जाकर रौंद दिया राहगीर

प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि नग्गर फार्म रोड के पास कार चालक ने गलत दिशा में जाकर सड़क किनारे सही दिशा में चल रहे पैदल राहगीर रामकृष्ण को तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी। 

25 फीट तक घसीटने के बाद फिर रौंदा

टक्कर के बाद वाहन चालक कथित रूप से रामकृष्ण को करीब 25 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। आरोप है कि चालक ने वाहन को पीछे कर दोबारा भी उसके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लोगों ने दबोचा दिल्ली निवासी चालक

घटना के बाद चालक वाहन सहित भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक की पहचान 29 वर्षीय विक्रांत विज निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई।

पुलिस थाना पतलीकूहल ने ओमप्रकाश के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

क्या कहते हैं एसपी कुल्लू 

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।