शमशी में जिलास्तरीय दौड़ प्रतियोगिता 25 को होगी
लंबी और मध्यम दूरी की दौड़ स्पार्धाओं में प्रतिभाशाली धावक-धाविकाओं की तलाश के लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग इस वर्ष भी दो अलग-अलग आयु वर्गों में तीन हजार और पांच हजार मीटर दौड़ की जिला स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित करने जा रहा है।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : लंबी और मध्यम दूरी की दौड़ स्पर्धाओं में प्रतिभाशाली धावक-धाविकाओं की तलाश के लिए युवा सेवा एवं खेल विभाग इस वर्ष भी दो अलग-अलग आयु वर्गो में तीन हजार और पांच हजार मीटर दौड़ की जिलास्तरीय स्पर्धाएं आयोजित करने जा रहा है। यह दोनों स्पर्धाएं 25 अक्टूबर को सुबह नौ बजे शमशी में एसएसबी के मैदान में करवाई जाएंगी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि तीन हजार मीटर दौड़ में पहली जनवरी 2005 या इसके बाद जन्में लड़के-लड़कियां भाग ले सकते हैं। पांच हजार मीटर दौड़ में भाग लेने के इच्छुक लड़के-लड़कियों का जन्म पहली जनवरी 2001 को या इसके बाद का होना चाहिए। दोनों स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: छह हजार, पांच हजार और चार हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इच्छुक धावक-धाविकाएं 24 अक्टूबर तक ढालपुर स्थित जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। बस का टिकट दिखाने पर ही किराये की राशि दी जाएगी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने बताया कि धावक-धाविकाएं अपने साथ संस्था प्रमुख से सत्यापित आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।