हिमाचल में बर्फबारी से मनाली-लेह हाईवे बंद, दारचा में रोकी गाड़ियां; अटल टनल के पास बर्फ पर फिसले वाहन
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने से मनाली और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश और बर्फबारी हुई है। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा ...और पढ़ें
HighLights
हिमाचल में भारी बर्फबारी से मौसम ने ली करवट।
मनाली-लेह हाईवे बंद, रोहतांग दर्रे पर हिमपात।
पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे, फिसलन बढ़ी।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। पर्यटन नगरी मनाली में बारिश हो रही है तो वहीं लाहुल स्पीति में बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है। रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में भारी हिमपात हो रहा है। लगातार बर्फबारी के कारण सभी दर्रों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। लेह जा रहे सभी वाहनों को पुलिस ने दारचा में रोक दिया है। शिंकुला की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।
अटल टनल के पास भी बर्फबारी हो रही है। यहां बर्फ देखने पहुंचे पर्यटकों के वाहन फिसल रहे हैं। पुलिस की ओर से पर्यटकों को रेस्क्यू किया जा रहा है।
लाहुल के ग्रामीण क्षेत्रों दारचा, छीका, रारीक, कोकसर, नैनगाहर और मयाड़ घाटी में तीन से चार इंच तक हिमपात हुआ है। वहीं पर्यटन नगरी मनाली में भारी बारिश हो रही है। रोहतांग दर्रे की ओर भी राहनीनाला, मढ़ी, ब्यास नाला, राहलाफाल व गुलाबा में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। मौसम के करवट बदलने से घाटी में ठंड बढ़ गई है।
पर्यटकों की बर्फ में मस्ती
मनाली में पर्यटकों की आमद कम है लेकिन रौनक बरकरार है। बर्फ के फाहों का आनंद लेने पर्यटक मढ़ी व अटल टनल की ओर रवाना हो गए हैं। अटल टनल के दोनों छोर में भारी हिमपात हो रहा है। बर्फ के फाहों का आनंद लेने के लिए दोनों छोर में पर्यटकों का मेला लग गया है।
सड़क पर बढ़ी फिसलन
जिला लाहुल एवं स्पीति में शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी है। कोकसर और जिस्पा में भी बर्फबारी से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है।
पुलिस की एडवायजरी
डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तीनों दर्रों पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही एहतियातन बंद कर दी है। पर्यटकों और आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पहले सड़क व मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें। पुलिस की यातायात व मौसम एडवाइजरी का पालन करें।
