मनाली, जागरण संवाददाता। पर्यटक अब अटल टनल रोहतांग तक जा सकेंगे। हिमपात के कारण बंद टनल तक सड़क को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बहाल कर दिया है। सड़क एकतरफा होने के कारण फिलहाल पर्यटकों को अटल टनल के उस पार लाहुल की ओर नहीं भेजा जा रहा है।
शुक्रवार को काफी संख्या में पर्यटक अटल टनल की ओर गए। सोलंगनाला, धुंधी और साउथ पोर्टल में पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। पर्यटकों ने बर्फ बीच स्कीइंग, स्लैजिंग, पैराग्लाइडिंग आदि खेलों का जमकर लुत्फ लिया। धुंधी और अटल टनल के साउथ पोर्टल तक भी काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
फोर बाय फोर वाहनों में जा सकेंगे पर्यटक
डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि पर्यटकों को फोर बाय फोर वाहनों में अटल टनल के साउथ पोर्टल तक भेजा जा रहा है। सड़क एकतरफा होने और बर्फ में फिसलन की वजह से छोटे वाहन आगे नहीं जा पा रहे। अन्य वाहनों को सोलंगनाला तक ही भेजा जा रहा है।
तांदी-किलाड़ मार्ग बहाल
भूस्खलन से वीरवार शाम चार बजे अवरुद्ध हुआ तांदी-किलाड़ मार्ग शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे बहाल हो गया। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से मार्ग को बहाल करते ही फंसे सभी वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। ग्रामीण अनिल ठाकुर ने बताया कि वीरवार को तिंदी से पांच किलोमीटर आगे पांगी की ओर भूस्खलन होने से तिंदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध हो गया था। छह वाहनों में 53 यात्री फंस गए थे।
जिला की सीमावर्ती पुलिस चौकी तिंदी के बचाव दल पुलिस विभाग, सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यात्रियों को बचाव कर सुरक्षित स्थान तिंदी लाया गया था। तिंदी के ग्रामीणों ने अपने घरों, लोक निर्माण व वन विभाग के विश्राम गृह में सुरक्षित ठहराया था। सुबह मार्ग बहाल होने पर सभी अपने अपने घरों को रवाना हो गए।
फोर बाय फोर जंजीरों के साथ टाटा सूमो के लिए खुला
पुलिस अधीक्षक लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि भूस्खलन से बंद तांदी-किलाड़ पांगी मार्ग को बीआरओ ने बहाल कर लिया है। वीरवार को रास्ते मे फंसे सभी लोग सुरक्षित अपने अपने घर पहुंच गए हैं। मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग दारचा तक फोर बाय फोर वाहनों तथा जंजीरों के साथ टाटा सूमो के लिए खुला है। दारचा-शिंकुला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है।