मनाली में आधा फीट हिमपात, भूस्खलन से हाईवे बंद
half feet snowfall manali, मनाली में आधा फीट बर्फ गिरी है। रोहतांग के साथ-साथ पर्यटक स्थल मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल, गुलाबा व कोठी की वादियां भी बर्फ से लकदक हो उठे हैं।
जसवंत ठाकुर, मनाली। रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ों में भारी बर्फबारी हुई है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और मैदानों में ही रही बारिश से प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहुल घाटी में भी भारी बर्फबारी हुई है। मनाली में आधा फीट बर्फ गिरी है। रोहतांग के साथ-साथ पर्यटक स्थल मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल, गुलाबा व कोठी की वादियां भी बर्फ से लकदक हो उठे हैं।
मनाली के पर्यटन स्थल नेहरूकुंड, पलचान, कोठी, सोलंगनाला, फातरू, अंजनि महादेव, हामटा और गुलाबा में बर्फबारी होने से सभी स्थल बर्फ से लद गए हैं। लाहुल में बारालाचा दर्रे सहित जिंगजिंगबार, दारचा की पहाडिय़ों, मयाड़ घाटी, घेपन पीक, लेड़ी आफ केलंग, कुंजुम जोत, दारचा की पहाडिय़ों, शिला पीक, बढ़ा व छोटा शिंगरी ग्लेशियर व नील कंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के ढेर लग गए हैं।
पांच घंटे बंद रहा मनाली-कुल्लू हाईवे
भारी बारिश व बर्फबारी के कारण कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर भूस्खलन हुआ व पेड़ गिर गए। पांच घंटे हाईवे पर यातायात बंद रहा। पर्यटन नगरी मनाली में लगातार हो रही बर्फबारी से सैकड़ो सैलानी फंसे रहे। पतलीकूहल से मनाली तक जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। 16 मील के पास हुए भूस्खलन से नेशनल हाईवे में कई किमी लंबा जाम लग गया।
खराब मौसम ने बढ़ाई लाहुलियों की दिक्कतें
खराब मौसम से लाहुलियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लगातार खराब चल रहे मौसम से हवाई सेवा भी ठप चल रही है। जिस कारण लोग अपने घरों का रुख नहीं कर पा रहे हैं। लाहुली पूर्ण रूप से हवाई सेवा पर ही निर्भर हो गए हैं। लेकिन खराब मौसम ने हवाई सेवा पर भी विराम लगा दिया है।