कारगा में मार्केटिंग यार्ड का होगा निर्माण
संवाद सहयोगी, कुल्लू : कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा ने प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना
संवाद सहयोगी, कुल्लू : कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा ने प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना के तहत लाहुल-स्पीति में शून्य लागत प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशाला का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने की।
उन्होंने कहा कि शून्य लागत प्राकृतिक खेती का खुशहाल किसान नई योजना पर 25 करोड़ का बजट का प्रावधान है। योजना के तहत जीरो बजट प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि विभाग के माध्यम से जिले की विभिन्न पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जल्द ही कारगा में मार्केटिंग यार्ड का निर्माण किया जाएगा। जिले में मृदा परिक्षण प्रयोगशाला खोला जाएगा। शून्य लागत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से जिले की हर पंचायतों को दो-दो देसी गाय उपलब्ध करवाई जाएंगी। किसानों की आय 2022 तक दोगुना करने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसके लिए किसानों को फसल विविधिकरण अपना कर शून्य लागत खेती को अपनाना पड़ेगा। अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में जिले में किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से वैज्ञानिकों को बुलाया जाएगा साथ ही किसानों का समूह बनाकर कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का भ्रमण करवाया जाएगा। घाटी के किसानों को आलू की चिप्स बनने वाली प्रजाति की बीज का वितरण किया जाएगा। साथ ही प्याज, टमाटर तथा हींग की खेती को बढ़ावा देने के लिए बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।
कृषि अधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक खेती खुशहाल योजना के तहत शून्य लागत प्राकृतिक खेती का कैसे उपयोग कर किसान कम से कम लागत पर ज्यादा मुनाफा कमा सकें। इस अवसर पर जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य शमशेर जैक, पंचायत समिति अध्यक्ष सुमीता व अन्य मौजूद रहे।