आनी में आधी रात को 600 फीट खाई में गिरी कार, सुबह स्कूल जा रहे बच्चों ने दर्द से कराहते देखे घायल
Car Fall in Chasm आनी से करीब 13 किलोमीटर दूर चवाई के समीप घरडा नाला में एक कार कई फीट गहरी खाई में जा गिरी।
आनी, जेएनएन। आनी से करीब 13 किलोमीटर दूर चवाई के समीप घरडा नाला में एक कार कई फीट गहरी खाई में जा गिरी। घटना रात की बताई जा रही है। लोगों को इसकी जानकारी सुबह ही मिल पाई। सुबह बच्चे स्कूल जा रहे थे तो उन्होंने गाड़ी खाई में पड़ी देखी व कुछ लोगों के कराहने की आवाज भी सुनी। इस पर ग्रामीण तुरंत हरकत में आ गए। सूचना के मुताबिक गाड़ी करीब 600-700 फीट खाई में गिरी। गाड़ी के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो लोग घायल हैं, इन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया है। बताया जा रहा है कार में सवार लोग गाड़ी के खाई में गिरने से पहले ऊपर ही नीचे गिर गए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक सुरक्षित पहुंचाया गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सिविल अस्पताल आनी में पहुंचाया गया। घटनास्थल पर मौजूद रविंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी वीरवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों ने दी। जिन्होंने खाई में से बचाओ बचाओ की आवाजें सुनी, जिसके बाद स्थानीय लोगों को सूचित किया गया।
इस हादसे में 30 वर्षीय रमेश कुमार निवासी तराला डाकघर जाओं और 31 वर्षीय राजेश कुमार (चालक) निवासी शरोगी डाकघर चवाई घायल हुए हैं। दोनों घायलों को आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।