एबीवीपी ने कुल्लू कॉलेज में मांगों के समर्थन में किया प्रदर्शन
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रांत इकाई के आह्वान पर कुल्लू कॉलेज में प्र
संवाद सहयोगी, कुल्लू : एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रांत इकाई के आह्वान पर कुल्लू कॉलेज में प्रदर्शन किया गया। एबीवीपी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रियंका ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संस्कृत को दूसरी राज्य भाषा घोषित कर दिया गया है लेकिन उसके उत्थान के बारे में अभी तक कोई भी ठोस प्रयास नहीं किया गया है। प्रदेश में एक भी संस्कृत विश्वविद्यालय नहीं है, जहां पर छात्र संस्कृत की शिक्षा ग्रहण कर सके। ऐसे में प्रदेश सरकार को छात्रों के हित में संस्कृत विश्वविद्यालय की भी घोषणा करनी चाहिए और उसे जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए। आज छात्रों को शारीरिक शिक्षा के बारे में भी सही शिक्षा नहीं मिल पा रही है। शारीरिक शिक्षा के लिए भी छात्रों को प्रदेश से बाहर के विश्वविद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है। ऐसे में जल्द से जल्द प्रदेश में एक खेल विश्वविद्यालय भी खोला जाना चाहिए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि एससीए चुनाव बंद किए हुए आज वर्षों बीत गए हैं। चुनावों की बहाली न होने के चलते प्रदेशभर में छात्रों की कई समस्याओं का सही समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है और छात्रों को अपने हक नहीं मिल पा रहे हैं।