कांग्रेस नेता धर्मवीर धामी का निधन, दो दिन पहले पीजीआइ से लौटकर घर में मनाया था जन्मदिन
कांग्रेस के बरिष्ठ नेता धर्मवीर धामी का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन से जिला कुल्लू सहित पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।
कुल्लू, जेएनएन। कांग्रेस के बरिष्ठ नेता धर्मवीर धामी का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन से जिला कुल्लू सहित पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। धामी का निधन उनके पैतृक गांव सेउबाग में हुआ। 23 नवंबर को उन्होंने अपने निवास स्थान पर अपना 70 वां जन्मदिन मनाया और जन्मदिन के दो दिन बाद ही इस सांसारिक यात्रा को पूरी कर गए। धर्मवीर धामी को प्रदेश में धाकड़ एवं निडर नेता के रूप में पहचाना जाता रहा है।
वे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खासमखास नेताओं में रहे लेकिन बीच में कांग्रेस पार्टी को विदा भी कह दिया था और एक बार आजाद उम्मीदवार व एक बार बहुजन समाज पार्टी से भी चुनाव लड़ा था। लेकिन वे वीरभद्र सिंह से कभी खफा नहीं हुए और पार्टी से बाहर रहकर भी उनके चुनावों में कंधे से कंधा मिलाकर चलते रहे। वर्तमान में वे कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं मंडी लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी भी थे। इससे पहले वे वीरभद्र सरकार में पथ परिवहन निगम के निदेशक पद पर रहे। वहीं वे पार्टी के कई अन्य ओहदों पर भी रहे।
पिछले कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे चंडीगढ़ पीजीआई में अपना इलाज कर रहे थे। दो दिन पहले ही वे अपना जन्मदिन मनाने पीजीआइ से घर आए थे और यहां हृदयाघात से मौत हो गई। उधर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल,वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुंदर ठाकुर, विधायक विक्रमादित्य सिंह, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी,पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, बंजार के प्रतिपक्ष नेता आदित्य विक्रम सिंह, पूर्व मंत्री कौल सिंह सहित कांग्रेस व भाजपा के तमाम लोगों ने उनके निधन पर गहरा शौक प्रकट किया है और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।