Move to Jagran APP

Zila Parishad Result: जिला परिषद में भाजपा को बड़ी बढ़त, छह जिलाें में अध्‍यक्ष बनना तय, देखिए आंकड़ा

Zila Parishad Result हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद चुनाव के परिणाम में अधिकतर जिलों में भाजपा का पलड़ा भारी रहा है। कांगड़ा मंडी चंबा ऊना कुल्लू व हमीरपुर में भाजपा की जिला परिषद बनना तय है जबकि सोलन बिलासपुर व किन्नौर में सत्ता की चाबी निर्दलीयों के हाथ है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Published: Sun, 24 Jan 2021 08:35 AM (IST)Updated: Sun, 24 Jan 2021 08:35 AM (IST)
Zila Parishad Result: जिला परिषद में भाजपा को बड़ी बढ़त, छह जिलाें में अध्‍यक्ष बनना तय, देखिए आंकड़ा
हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद चुनाव के परिणाम में अधिकतर जिलों में भाजपा का पलड़ा भारी रहा है।

धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद चुनाव के परिणाम में अधिकतर जिलों में भाजपा का पलड़ा भारी रहा है। कांगड़ा, मंडी, चंबा, ऊना, कुल्लू व हमीरपुर में भाजपा की जिला परिषद बनना तय है, जबकि सोलन, बिलासपुर व किन्नौर में सत्ता की चाबी निर्दलीयों के हाथ है। शिमला में कांग्र्रेस ने कब्जा बरकरार रखा है। सिरमौर में अभी तक 17 सीटों में से 11 के परिणाम सामने आए हैं, यहां कांग्र्रेस-भाजपा को पांच-पांच व एक सीट निर्दलीय को मिली है। प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में 54 सीटों में से 53 के नतीजे सामने आए हैं। 25 सीटों पर भाजपा व 18 सीटों कांग्र्रेस समर्थित जीते हैं। 10 सीटें निर्दलीयों के हाथ लगी हैं। एक सीट हलेड़कलां में दोबारा गिनती हो रही है। बिलासपुर की 14 सीटों में से छह पर भाजपा समर्थित जीते हैं।

loksabha election banner

बिलासपुर के बरमाणा वार्ड से 21 वर्षीय मुस्कान, कांगड़ा जिले के बडूख़र वार्ड से 21 साल की नैन्सी, चंबा जिले के डलहौजी के उदयपुर वार्ड से 22 साल की बणिका ने जीत दर्ज करके इतिहास रचा है। ऊना के भंजाल वार्ड में निर्दलीय चैतन्य शर्मा 11,983 वोट ने जीत दर्ज करके नया रिकॉर्ड बनाया है। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में भी भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है। इसके नतीजे शुक्रवार को सामने आए थे।

शनिवार रात नौ बजे तक 239 जिला परिषद सदस्यों में से 227 के नतीजे आए। इनमें से भाजपा समर्थक 103, कांग्रेस समर्थित 68 व अन्य 56 हैं। अन्य में माकपा व शिवसेना सहित 40 निर्दलीयों हैं। इससे कई जगह अध्यक्ष पद की चाबी अन्य के हाथ आ गई है। भाजपा और कांगे्रस ने इन्हें अपनी और जोडऩे के लिए राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। प्रदेश में 11 जिला परिषद के 239 सदस्यों के लिए मतगणना का कार्य शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। लाहुल की दस सीटों के लिए चुनाव नहीं हुए हैं।

कई जगह रविवार को भी मतगणना होगी। इसका मुख्य दोबारा मतों की गणना करवाना और शिमला में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए दोबारा मतदान होना है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र में भाजपा ने वर्चस्व कायम रखा है, लेकिन कई नेताओं के गृह क्षेत्रों में भाजपा समर्थकों को हार का सामना करना पड़ा। ब्लॉक समिति सदस्यों के लिए पहले से भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित नहीं किए थे, लेकिन अब दोनों अधिकतर सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाने की बात कर रहे हैं।

जिला परिषद सदस्‍यों की स्थि‍ति

  • जिला, कुल, भाजपा, कांग्रेस, अन्य
  • बिलासपुर,14,06,04,04
  • चंबा,18,10,05,03
  • हमीरपुर,18,09,06,03
  • कांगड़ा,54,25,18,10
  • किन्नौर,10,05,04,01
  • कुल्लू14,05,04,05
  • मंडी,36,20,03,13
  • शिमला,24,03,11,05
  • सिरमौर,17,05,05,01
  • सोलन,17,07,02,08
  • ऊना,17,08,06,03

प्रचंड बहुमत मिला : भाजपा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा प्रचंड बहुमत मिला है। प्रदेश की जनता ने जयराम सरकार के तीन साल के बेहतरीन कार्यों पर मुहर लगाई है। भाजपा जिला परिषद व ब्लॉक समितियों में अपने अध्यक्ष बनाएगी। इसके लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है।

जनता ने दिया कांग्रेस को समर्थन : राठौर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर का कहना है कांग्रेस को जनता ने अपना समर्थन दिया है और जिला परिषद व ब्लॉक समितियों में अधिकतर सीटों पर कांग्रेस समर्थक जीते हैं। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं।

चुनाव आचार संहिता हटी

राज्य चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने बताया कि शनिवार से प्रदेश में आचार संहिता समाप्त हो गई है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा 23 जनवरी तक आचार संहिता लगाई गई थी। चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहे और मतदाताओं ने जमकर मतदान में हिस्सा लिया।

भाजपा ने अधिकतर सीटें जीतीं

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है भाजपा ने पंचायती राज चुनाव में अधिकतर सीटें जीती हैं। जनता ने सरकार के कार्यों व जनहित की नीतियों पर मुहर लगाई है। बीते तीन वर्षों के दौरान लिए गए निर्णयों से हर नागरिक को लाभ पहुंचा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.