बंगाणा में वर्षाशालिका में युवक का शव बरामद, देर शाम घूम रहा था नशे की हालत में
Una Crime News जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की जोल पंचायत का युवक वर्षाशालिका में मृत हालत में मिला है। विकास शर्मा पुत्र राम किशन शर्मा वार्ड नं चार उपतहसील जोल जिला ऊना का स्थायी निवासी था।
ऊना, जागरण संवाददाता। Una Crime News, जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की जोल पंचायत का युवक वर्षाशालिका में मृत हालत में मिला है। विकास शर्मा पुत्र राम किशन शर्मा वार्ड नं चार उपतहसील जोल जिला ऊना का स्थायी निवासी था। बताया जा रहा है विकास मंगलवार को खुरवाईं से जोल तक शाम को नशे की हालत में आया था। बस से उतर कर कुछ दूरी पर गिर गया था। स्थानीय लोगों ने उसे जोल के रेन शेल्टर में बिठा दिया था और घर वालों को इसकी सूचना दे दी थी। लेकिन घर से कोई भी सदस्य इसे लेने नहीं आया। विकास शर्मा की नशे की हालत तथा ठंड में बाहर पड़े रहने के कारण मौत हो गई।
सुबह करीब साढ़े सात बजे के बाद विकास ने दम तोड़ा। लोगों का कहना है कि अगर परिवार के सदस्य रात को ही नशे की हालत में उसे घर ले जाते तो शायद युवक की जान बच जाती। नशे की हालत में जमीन पर गिरने से शरीर पर चोटें भी आई हैं।
बताया जा रहा है कि विकास शर्मा पहले भारतीय सेना में सेवाएं देता था। लेकिन नशे की आदत ने पहले उससे नौकरी छुड़वा दी, फिर पत्नी को भी छोड़ दिया। नौकरी व पत्नी के चले जाने के बाद वह लगातार नशे में रहता था और अक्सर घर में नशे की हालत में परिवार के सदस्यों के साथ गाली गलौज होता रहता था।
जिला मुख्यालय ऊना के डीएसपी कुलविंदर सिंह का कहना है कि मृतक विकास शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।