युवा कांग्रेस ने वित्त मंत्री का पुतला जलाया
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला जलाया। विवेक पधेड़िया ने कहा कि केंद्र सरकार असफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।
राजा का तालाब, जेएनएन। देहरी में रविवार को फतेहपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक पधेड़िया की अध्यक्षता में युवा शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मुनीश ठाकुर, पूर्व विधायक अजय महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री अरुण जेटली का पुतला जलाया। विवेक पधेड़िया ने कहा कि केंद्र सरकार असफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। भाजपा गाय पर राजनीति करती है लेकिन गाय के लिए कुछ नहीं करती। प्रदेश में गायों की हालत बहुत खराब है। रोजाना सैकड़ों गायों की मौत हो रही है। लेकिन काग्रेस सत्ता में आने के बाद उन्हें गोशाला तक पहुंचाएगी। प्रदेशाध्यक्ष मुनीश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी नीतियों को लेकर विफल हो चुकी है और जनता का गुस्सा बढ़ने लगा है।
प्रदेश सरकार जनाक्रोश को कुचलने का प्रयास कर रही है जिसका ताजा उदाहरण अभी हाल ही में शिमला में विरोध रैली के दौरान 32 युवा कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज करने का है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता विजय चौहान, प्रदेश महासचिव अमित पठानिया, प्रदेश सचिव सुरेश ठाकुर, इंदौरा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. अभषेक ठाकुर, नूरपुर अध्यक्ष सुरम ठाकुर, जवाली अध्यक्ष मनमोहन, उपाध्यक्ष अमित पठानिया, रमन, अब्बास, राजेश, जितेंद्र, रिशु, राहत, नंदू, शिदा, रोजा, मीतु, मिक्की व अन्य मौजूद रहे।