कांगड़ा के युवक ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नंगल नहर में लगाई छलांग, पुलिस जांच में जुटी
जिला ऊना के सीमावर्ती क्षेत्र में एक युवक ने कांगड़ा के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नहर में छलांग लगा दी। इस संबंध में एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें युवक जख्मी हालत में कांगड़ा के कुछ लोगों के नाम लेता हुआ गंभीर आरोप लगा रहा है।
गगरेट, संवाद सहयोगी। Youth Committed Suicide, जिला ऊना के सीमावर्ती क्षेत्र में एक युवक ने कांगड़ा के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नहर में छलांग लगा दी। इस संबंध में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें युवक जख्मी हालत में कांगड़ा के कुछ लोगों के नाम लेता हुआ गंभीर आरोप लगा रहा है। जिसमें वह बता रहा है कि उसकी पत्नी के दुष्कर्म किया गया है और उसके बच्चे को मारकर कहीं फेंक दिया है। लेकिन ऐसा नहीं है, उक्त शख्स की पत्नी और बच्चे कांगड़ा में सुरक्षित हैं।
वीडियो में स्थानीय लोग उसे पुलिस की सहायता के लिए भी कहते दिख रहे हैं लेकिन वह युवक पुलिस पर भी आरोपितों के साथ मिले होने का आरोप लगा रहा है। इस वीडियो के बाद इसी युवक का दूसरा वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह नंगल नहर में कूद गया, जिसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
हालांकि उस वीडियो के अनुसार उसने इसी नहर पर थोड़ी ही देर पहले एक अन्य जगह से आत्महत्या की कोशिश की थी। लेकिन वहां से उसे बचा लिया तो उसने दूसरी जगह जाकर नहर में छलांग लगा दी। पुलिस शव की तलाश कर रही है अभी तक न तो युवक की पहचान हो पाई है और न ही शव बरामद किया जा सका है। सूत्रों की माने तो यह घटना दो दिन पहले की है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना ने तूल पकड़ लिया है।
थाना प्रभारी नंगल पंजाब पवन कुमार ने बताया शव की तलाश की जा रही है और हिमाचल पुलिस से भी तालमेल किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सके। कांगड़ा पुलिस ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है व जांच चल रही है।