महिलाओं को निगम की इंटर स्टेट बसों में चुकाना पड़ेगा पूरा किराया
महिलाओं को इंटर स्टेट चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी)की बसों में पूरा किराया चुकाना पड़ेगा। इन बसों में प्रदेश के अंदर भी छूट का प्रविधान नहीं है। प्रदेश के अंदर चलने वाली बसों में ही 50 प्रतिशत किराया लगेगा।
शिमला, राज्य ब्यूरो। महिलाओं को इंटर स्टेट चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी)की बसों में पूरा किराया चुकाना पड़ेगा। इन बसों में प्रदेश के अंदर भी छूट का प्रविधान नहीं है। प्रदेश के अंदर चलने वाली बसों में ही 50 प्रतिशत किराया लगेगा। हिमाचल में पहली जुलाई से निगम की साधारण बसों में यह निर्णय लागू होगा। निगम के पास 3100 से अधिक बसों का बेड़ा है, जिसमें से 700 बसें अन्य राज्यों के लिए चलती हैं। ऐसी किसी भी बस में महिलाओं को टिकट शुल्क में छूट का लाभ प्राप्त नहीं होगा। अभी इस संबंध में परिवहन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी होनी है। किराये में छूट लेने के लिए महिलाओं को किसी प्रकार का प्रमाण देने की जरूरत नहीं होगी। पड़ोसी राज्य पंजाब में पंजाब रोडवेज की बसों में महिलाओं को किराया नहीं देना पड़ता है।
अभी यह थी व्यवस्था
अभी तक राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को 25 प्रतिशत किराया दरों की रियायत प्राप्त है, सरकार ने हाल ही में 25 प्रतिशत की और रियायत देने की घोषणा है।
पंजाब में चलता है आधार कार्ड
पंजाब रोडवेज की बसों में महिलाओं को यात्रा के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं चुकाना पड़ता है। वहां पर प्रविधान है कि महिलाओं को आधार कार्ड दिखाना पड़ता है। यह सुविधा केवल पंजाब की महिलाओं के लिए है।
सरकार का यह निर्णय गलत है। इससे महिलाएं सरकारी बस में ही यात्रा करेंगी। उनके बच्चे और पति भी सरकारी बस में ही जाएंगे। ऐसे में निजी बस आपरेटर के लिए गंभीर संकट खड़ा होने वाला है।
-कमल शर्मा, अध्यक्ष निजी बस आपरेटर संघ।
प्रदेश के भीतर चलने वाली निगम के बसों में इस समय किराये में 25 प्रतिशत की छूट उपलब्ध है। जिसे सरकार ने पहली जुलाई से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। महिलाओं को किराया दरों में छूट का लाभ निगम की सामान्य बसों में प्राप्त होगा।
पंकज सिंघल, महाप्रबंधक राज्य पथ परिवहन निगम।