महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर दे दी जान, पति गिरफ्तार; घर में नन्ही बच्ची रो-रोकर बेहाल
जयसिंहपुर में महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी इस पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जयसिंहपुर, जेएनएन। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहीं 38 वर्षीय निशा पत्नी रवि कुमार आखिर जिंदगी की जंग हार गईं। घरेलू विवाद के चलते महिला ने बीते रविवार 25 अगस्त को जहरीले कीटनाशक का सेवन कर लिया था। नाजुक स्थिति में निशा को उसके परिजन अस्पताल में लेकर गए थे, जहां से उसे बड़े अस्पताल में रैफर किया गया तो उसे पालमपुर के विवेकानंद मेडिकल इंस्टीटयूट में लाया गया था। बीते एक सप्ताह से वह यहां पर उपचाराधीन थी। सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद लंबागांव पुलिस ने मृतक महिला का पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश को परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक महिला की मां कांता देवी निवासी दगोह ने लंबागांव पुलिस को दी शिकायत में अपने दामाद पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। निशा को तंग करने और मारपीट से परेशान उसकी बेटी ने 25 अगस्त को जहरीले कीटनाशक को निगल लिया। पुलिस ने कांता देवी की शिकायत के बाद मृतका के पति रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एएसआई नंद लाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
रवि कुमार सेना से सेवानिवृत्त होकर आया था। दंपती का कोई भी बच्चा नहीं था। ऐसी स्थिति में उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया हुआ था। अब मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्ची घर में रो-रोकर बेहाल है। हालांकि रवि के परिवार की स्थिति ठीक है और बेटी को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी लेकिन जिस मां ने उसे गोद लेकर प्यार दिया था अब उसका प्यार नहीं मिल पाएगा।