हिमाचल प्रदेश में सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, तीन जिलों में आंधी व बारिश की चेतावनी, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। 13 अप्रैल से पश्चिमी हवाएं फिर सक्रिय हो सकती हैं।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। 13 अप्रैल से पश्चिमी हवाएं फिर सक्रिय हो सकती हैं। मौसम विभाग ने 14 अप्रैल को प्रदेश के 3 जिलों चंबा कांगड़ा और कुल्लू में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है 11 और 12 अप्रैल को मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है। 13 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी व वर्षा, जबकि निचले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रहने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हुई है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान इस मौसम में 21 के पार यानी 21.6 हो गया है। वीरवार को किन्नौर सहित मनाली और लाहुल-स्पीति में ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद शुक्रवार को दिन-भर धूप खिली रही, जिससे ठंड से राहत मिली है और तापमान बढ़ गया है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना जिला में 35 डिग्री दर्ज किया गया है।
तापमान की स्थिति
- शहर न्यूनतम अधिकतम
- शिमला,11.2,21.6
- सुंदरनगर,11.4,29.6
- भुंतर,9.7,27.1
- कल्पा,2.6,15.6
- धर्मशाला,10.8.,16.6
- ऊना,15.6,35.0
- नाहन,14.9,28.8
- केलंग,0.1,10.0
- सोलन,10.0,27.0