बारिश-बर्फबारी से मौसम हुआ सुहावना, आेलावृष्टि से फसल को नुकसान
weather change in himachal again हिमाचल में बीते दिनों पड़ी गर्मी के बाद एक बार फिर मौसम ठंडा हो गया है।
मनाली/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल में बीते दिनों पड़ी गर्मी के बाद एक बार फिर मौसम ठंडा हो गया है। रविवार शाम व सोमवार सुबह मैदानी क्षेत्रों में बारिश व पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। मौसम के बदले रुख से तापमान में गिरावट आई है। मौसम के बदले मिजाज से हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में तो मानो ठंड फिर लौट आई है। धर्मशाला, शिमला व मनाली सहित अन्य क्षेत्रों में लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में दिखे। पर्यटन नगरी मनाली समेत लाहुल स्पीति के पहाड़ों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी है। जिससे समस्त प्रदेश में मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि अब धूप भी निकल आई है। लेकिन ऊपरी इलाकों में लोग स्वेटर पहनकर ही घरों से निकले। लेकिन ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में गिर रहे फाहे
देश व दुनिया के सैलानियों में अपनी अलग पहचान बना चुके रोहतांग दर्रे में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। रोहतांग सहित हामटा जोत, मकरवेद शिकर्वेद, हनुमान टीबा, इंद्रकीला, धुंधी जोत, इंद्र किला, दशोहर व भृगु झील सहित लाहुल के लेडी ऑफ केलांग, बारालाचा, शिंकुला जोत, चन्द्रताल, कुंजम जोत में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।
मौसम के मिजाज से पर्यटक खुश
मौसम के मिजाज से मनाली व अन्य पर्यटन स्थलों पर घूमने आए पर्यटक चहक उठे हैं। इन दिनों मनाली आने वाले सैलानियों को बर्फ के दीदार करने दूर नहीं जाना पड़ रहा है। सैलानी मनाली के नजदीक वाले पर्यटन स्थल कोठी, सोलंगनाला, फातरु व अंजनीमहादेव में ही बर्फ का आनंद उठा रहे हैं। सर्दियों में भारी बर्फबारी होने से इन पर्यटन स्थलों में बर्फ के ढेर लगे हैं। हालांकि अभी इन पर्यटन स्थलों में बारिश हो रही है। लेकिन मौसम के मिजाज ऐसे ही रहे तो यहां भी बर्फबारी हो सकती है। सुबह ही सैलानियों ने इन स्थलों का रुख कर लिया है।