कोरोना के मामले थमते ही सुकून के पल बिताने हिमाचल पहुंच रहे वीआइपी, धौनी परिवार सहित पहुंचे शिमला
MS Dhoni in Himachal भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी शुक्रवार को अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए शिमला पहुंचे। उनका चार दिन शिमला में रहने का कार्यक्रम है। वह शिमला के उपनगर विकासनगर में होम स्टे में रुके हैं।
शिमला, जागरण संवाददाता। MS Dhoni in Himachal, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी शुक्रवार को अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए शिमला पहुंचे। उनका चार दिन शिमला में रहने का कार्यक्रम है। वह शिमला के उपनगर विकासनगर में होम स्टे में रुके हैं। उन्होंने शिमला पुलिस से ज्यादा सुरक्षा लेने से इन्कार किया है। उनका कहना है कि वह पूरी तरह से अपने परिवार के साथ ही समय बिताएंगे। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद प्रदेश में सैलानियों के आने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में देश की बड़ी हस्तियां भी यहां पहुंच रही हैं। इनसे पहले अभिनेता अनुपम खेर अपनी माता के साथ शिमला आए हुए हैं। महेंद्र सिंह धौनी इससे पहले शिमला में एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए भी आए थे।
अब बताया जा रहा है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी 21 जून को शिमला पहुंच रहे हैं। उनका भी यहां कुछ दिन रुकने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। कोरोना के मामले थमते ही हिमाचल प्रदेश में वीआइपी मूवमेंट बढ़ गई है। हर कोई पहाड़ों की साफ हवा में कुछ दिना बिताना चाह रहा है। यही कारण है कि बीते कुछ दिनों से पर्यटकाें की आमद भी तेजी से बढ़ रही है।
ताजा बर्फबारी से निखर उठी मनाली व लाहुल की चोटियां
कुछ दिनों से हो रही बर्फ बारी के चलते रोहतांग सहित समस्त ऊंची चोटियां बर्फ से निखर उठी है। पर्यटक भी सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। देशभर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाले रोहतांग दर्रे में सैलानियों का मेला लगने लगा है। ताजा बर्फबारी से सभी ऊंचे पहाड़ निखर उठे है। हालांकि अभी हर रोज सैकड़ों पर्यटक बर्फ के दीदार को रोहतांग पहुंच रहे हैं लेकिन धीरे धीरे यह आंकड़ा हजारों में पहुंचने वाला है। बर्फ से लकदक दर्रे में दस्तक देकर सैलानी बर्फ देख खासे उत्साहित हो रहे हैं। एनजीटी के आदेशानुसार हर रोज रोहतांग 1200 पर्यटक वाहन जा सकते हैं लेकिन अभी बहुत कम पर्यटक मनाली आ रहे हैं। रोहतांग दर्रे के साथ साथ पर्यटक अटल टनल को भी प्राथमिकता दे रहे हैं और टनल निहारने के बाद लाहुल के पर्यटन स्थल बारलाचा दर्रे में भी दस्तक दे रहे हैं।