हिमाचल के कांगड़ा में नौकरी पर निकले विकास की खाई में गिरने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शाहपुर के भनियार निवासी 32 वर्षीय विकास कुमार की चमडेरा गांव के पास खाई में गिरने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

भनियार निवासी 32 वर्षीय विकास कुमार की फाइल फोटो
HighLights
भनियार निवासी विकास कुमार की खाई में गिरने से मौत
नौकरी के लिए घर से निकला था, शव खाई में मिला
परिवार में कमाने वाला अकेला सदस्य, दो मासूम बेटियां
सोनू ठाकुर, शाहपुर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भनियार निवासी 32 वर्षीय विकास कुमार की खाई में गिरने से मौत हो गई। वह बुधवार सुबह नौकरी के सिलसिले में नगरोटा सूरियां के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात उसका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर चमडेरा गांव के पास गहरी खाई में मिला। शव के नजदीक उसकी क्षतिग्रस्त बाइक और हेलमेट भी बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार विकास कुमार पुत्र स्वर्गीय हरि दास नगरोटा सूरियां में फोरलेन निर्माण कंपनी में नौकरी करता था। दशहरा मनाने के लिए वह घर आया हुआ था।
बुधवार सुबह वह काम पर जाने के लिए निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। परिजनों और परिचितों ने उसे बार-बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
मोबाइल फोन की लोकेशन गांव के आसपास ही आ रही थी। परिजन और स्थानीय लोग दिनभर उसकी तलाश करते रहे। देर रात चमडेरा गांव के पास गहरी खाई में उसका शव बरामद हुआ।
शव के पास ही उसकी क्षतिग्रस्त बाइक और हेलमेट भी मिला। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया है।
आठ महीने पहले हुई थी पिता की मौत
विकास के पिता का करीब आठ महीने पहले निधन हो गया था। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विकास अपने पीछे दो मासूम बेटियां, पत्नी और मां को छोड़ गया है। उसकी एक बेटी महज दो महीने की है, जबकि दूसरी की उम्र दो साल है। परिवार में कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
