जबल बाग और काटली में दो लोगों ने लगाया फंदा, कमरे से शव बरामद; पुलिस जांच में जुटी
Suicide Case सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वीरवार को दो आत्महत्या के मामले सामने आए हैं।
नाहन, जागरण संवाददाता। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वीरवार को दो आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। पहला मामला पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के गागल शिकोर के काटली गांव में पेश आया। यहां 40 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र स्वर्गीय सीताराम जो आउटसोर्स कर्मचारी था ने फंदा लगा लिया। आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। लिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:30 बजे के आसपास सुनील अपने कमरे में सोने चला गया था।
वीरवार सुबह बच्चों ने अपने पिता को चाय पीने के लिए जगाया, तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद दरवाजे को जोर जोर से खटखटाया गया, मगर अंदर से कोई आवाज नहीं आई। काफी देर इंतजार करने के बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जब अंदर देखा, तो सुनील ने फंदा लगा लिया था।
दूसरा मामला नाहन की जबल बाग पंचायत के विक्रम कैंसिल निवासी 28 वर्षीय सुनील सैनी पुत्र संजीव सैनी ने दुपट्टे का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। जानकारी के अनुसार सुनील सैनी ट्रांसपोर्टेशन का काम करता था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 8:00 बजे के आसपास खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था।
वीरवार सुबह करीब 7:00 बजे जब घरवालों ने चाय के लिए उसे बुलाया, तो कमरे से कोई आवाज नहीं आई। जब दरवाजा खटखटाया तब भी दरवाजा नहीं खोला। अंदर जाकर देखा तो युवक ने फंदा लगा लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा दोनों मामलों की पुष्टि की है।