स्वारघाट में हाईवे पर एक ही जगह पर्यटकों की दो बसें दुर्घटनाग्रस्त, एक लड़की की मौत, 80 लोग थे सवार
Himachal Tourists Bus Accident बिलासपुर में मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर पर्यटकों की दो पर बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। पहले बिलासपुर के स्वारघाट में एक टूरिस्ट बस नेशनल हाईवे पर पलट गई। उसके कुछ देर बाद ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बस भी इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बिलासपुर, जागरण टीम। Himachal Tourists Bus Accident, बिलासपुर में रविवार सुबह मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर पर्यटकों की दो पर बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। पहले बिलासपुर के स्वारघाट में एक टूरिस्ट बस नेशनल हाईवे पर पलट गई। उसके कुछ देर बाद ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बस भी इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है यहां पुलिस कर्मी ने बस चालक को रुकने का इशारा किया, क्योंकि आगे हादसा हुआ था व सड़क पर लोग ही लोग थे। लेकिन ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा पाया और बस अनियंत्रित होकर ढांक पर लटक गई। इस बीच सड़क पर खड़ी एक घायल लड़की इसकी चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है उक्त लड़की मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। पहली बस के हादसे में तो लड़की सुरक्षित बच गई, लेकिन पीछे से आ रही दूसरी बस ने उसे सड़क पर ही रौंद दिया। दोनों बसों में 80 सवारियां थीं। बीस के करीब यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी ठीक हैं।
पहली बस मनाली की तरफ से अमृतसर जा रही थी। अचानक गड़ा मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में सवार सभी यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। यह सभी नए वर्ष का जश्न मनने के लिए हिमाचल आए हुए थे। टूरिस्ट बस पंजाब नंबर की है।
दूसरी बस दिल्ली नंबर की है। बताया जा रहा है इस बस में सवार अधिकतर लोग दिल्ली के ही हैं। ये लोग भी मनाली से वापस दिल्ली जा रहे थे। हादसे पंजाब और हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए हैं। इस कारण घायलों को नंगल अस्पताल में रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर पुलिस टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई और जख्मी यात्रियों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्राथमिक उपचार कर रही है।