Himachal By Election: उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, आखिरी दिन दिग्गजों ने झोंकी ताकत
हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया। धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ताकत झोंकी। दोनों सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान होगा। शनिवार शाम पांच बजे के बाद रैलियाें और लाउडस्पीकर से प्रचार नहीं किया जा सकेगा। सिर्फ घर-घर जाकर वोट मांगे जा सकेंगे।
धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कोतवाली बाजार के संगम पार्क, मंदल व खनियारा के पटोला में जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं कार्यकर्ताओं ने रोड शो कर शक्ित प्रदर्शन किया। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सुधीर शर्मा व जीएस बाली भी पहली बार प्रचार में जुटे। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस ने भी पूरा जोर लगाया। सुधीर व बाली बीमार होने के कारण चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हो सके थे। जीएस बाली ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की थी। शनिवार को उन्होंने धर्मशाला में पत्रकारों के साथ बात भी की, इसमें उन्होंने धर्मशाला में राजधानी का मुद्दा उठाया। सुधीर शर्मा भी अपने आवास पर ब्लाॅक कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
इस बीच, भाजपा व कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी रहा। कांग्रेस इन्वेस्टर, नगर निगम व दूसरी राजधानी के मुद्दे पर भाजपा को घेरे हुए है तो भाजपा केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास को लेकर चुनावी रण में है। मुख्यमंत्री इससे पहले धर्मशाला उपचुनाव को लेकर अपने पहले चरण का चुनावी दौर कर चुके हैं। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल भी केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास के दम पर जीत का दावा कर चुके हैं। कांग्रेस नेता भी पार्टी की जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे हैैं।
तिकोना दिख रहा मुकाबला
धर्मशाला और पच्छाद में बागियों ने उपचुनाव को तिकोने मुकाबले पर पहुंचा दिया है। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा अपनी सीट को फिर जीतने और कांग्रेस दोनों सीटों को भाजपा से छीनने के लिए जोर लगाए हुए है। दोनों हलकों में कुल 202 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें पच्छाद में 113 व धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 89 मतदान केंद्र हैं। दाड़ी में सहायक मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है। प्रचार के अंतिम चरण में सभी प्रत्याशियों, भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है।
धर्मशाला में सात और पच्छाद में पांच प्रत्याशी मैदान में
धर्मशाला हलके में सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां 82137 मतदाता हैं। पच्छाद में पांच प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। यहां 74487 मतदाता हैं। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 13 और धर्मशाला में 10 मतदान केंद्र संवेदनशील जबकि चार मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किया गया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 89 मतदान दल बनाए गए हैं जिनमें 356 कर्मचारी शामिल हैं, जबकि पच्छाद के लिए 113 मतदान दलों में 452 कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी के लिए तैनात किया गया है।