Himachal By Election: आज डोर-टू-डोर प्रचार, कल होगा मतदान; जानिए किस नेता ने कितनी रैलियां की
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला व पच्छाद हलकों में उपचुनाव के लिए शनिवार को प्रचार थमने के बाद रविवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला व पच्छाद हलकों में उपचुनाव के लिए शनिवार को प्रचार थमने के बाद रविवार को प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। दोनों विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रचार के अंतिम दिन दोनों हलकों में कांग्रेस व भाजपा के दिग्गजों ने प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी। उपचुनाव के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा, जबकि जीत और हार का फैसला 24 अक्टूबर को होगा। धर्मशाला में सात जबकि पच्छाद में पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दोनों हलकों में चार-चार चुनावी रैलियां की। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने भी प्रचार किया। प्रेम कुमार धूमल ने पच्छाद में दो और धर्मशाला में भी दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पूर्व सांसद शांता कुमार धर्मशाला विधानसभा में ही डटे रहे। इसी तरह से सरकार के मंत्रियों ने भी जमकर प्रचार किया। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने छोटी-बड़ी 25 जनसभाओं को संबोधित किया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशा कुमारी, प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली सहित अन्य नेताओं ने ही प्रचार का जिम्मा संभाला।
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र
मतदाता,82062
पोलिंग बूथ,89
मतदान कर्मी,356
संवेदनशील,10
अति संवेदनशील,04
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र
मतदाता,74452
पोलिंग बूथ,113
मतदान कर्मी,452
संवेदनशील,13
अति संवेदनशील,04