अब पहले से आरामदायक होगा रेल सफर, वाईफाई से लैस होंगे डिब्बे
कांगड़ा वैली रेल सेक्शन पर बहुत जल्द आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और डिब्बों में वाई फाई की सुविधा भी दी जाएगी।
पठानकोट, विनोद कुमार। पिछले लंबे समय से पुराने डिब्बों के सहारे चल रहे कांगड़ा वैली रेल सेक्शन पर बहुत जल्द आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे सभी डिब्बों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करेगा। डिब्बे में यात्रियों को वाईफाई की सुविधा मिलेगी, वहीं आरामदायक सीटें भी लगाई जाएंगी। विभाग ने डिब्बे मोडिफाई करने का काम शुरू कर दिया है। पठानकोट वर्कशॉप में दो और कालका वर्कशॉप में 15 डिब्बों को मोडिफाई किया जा रहा है। उम्मीद है कि अगले एक महीने में कालका वर्कशॉप से पांच डिब्बे पठानकोट पहुंच जाएंगे।
डिब्बों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की पुष्टि फिरोजपुर रेल मंडल के सीनियर डीएमई (डिवीजनल मेकेनिकल इंजीनियर) विनीत चड्ढा ने की है। 1923 में पठानकोट से जोगेंद्रनगर के बीच शुरू हुई रेल सेवा में आज तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। 95 वर्ष पहले जिस प्रकार के डिब्बे कांगड़ा रेल सेक्शन पर दौड़ते थे, उसी प्रकार के आज भी ट्रैक पर दौड़ते हैं। अब रेल मंत्रालय हिमाचलियों पर बड़ा मेहरबान है। दिसंबर में रेल मंत्री पियूष गोयल ने नैरोगेज सेक्शन पर एक अधिक क्षमता वाली ट्रेन चलाने के अलावा डिब्बों का प्रारूप बदलने का आदेश जारी किया था। इस आदेश पर अब काम शुरू हो गया है। अधिक क्षमता वाली ट्रेन चलाने के लिए दो बार ट्रायल हो चुका है, वहीं कालका वर्कशॉप में 15 डिब्बों का प्रारूप बदला जा रहा है।
पठानकोट में तैयार हो रहा विस्टाडोम कोच
कांगड़ा वैली रेल सेक्शन के डिब्बों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने के प्रोजेक्ट के तहत पठानकोट की कैरिज एंड बैगन वर्कशॉप में एक विस्टाडोम कोच तैयार किया जा रहा है। 56 डिब्बे होंगे मोडीफाई रेल अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में चल रहे डिब्बों में यात्रियों के लिए केवल पंखों की सुविधा ही है। 56 डिब्बों को मोडीफाई किया जाएगा। पहले चरण में 19 डिब्बे मोडिफाई किए जा रहे हैं। इस वर्ष सभी डिब्बों को मोडीफाई कर दिया जाएगा