कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में भरे जाएंगे शिक्षकों समेत 150 कर्मचारियों के पद, पढ़ें खबर Kangra News
हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में शिक्षकों गैर शिक्षकों व सुरक्षा कर्मियों के करीब 150 पद भरे जाएंगे।
पालमपुर, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में शिक्षकों, गैर शिक्षकों व सुरक्षा कर्मियों के करीब 150 पद भरे जाएंगे। यह जानकारी कुलपति डॉ. अशोक सरियाल ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने बताया संस्थान में 90 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट व 40 सुरक्षा कर्मचारियों के पद भरने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र सहायक, आशुलिपिक सहित गैर शिक्षण कर्मचारियों के 35, लैब अटेंडेंट, हॉस्टल अटेंडेंट आदि के 26 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
40 सुरक्षाकर्मियों की भर्ती भूतपूर्व सैनिक निगम हमीरपुर के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने बताया विश्वविद्यालय के आठ कृषि विज्ञान केंद्रों के कामकाज को मजबूत करने के प्रयास किए गए हैं। पिछले महीने विषय विशेषज्ञ के 14 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। इस मौके पर हृदय पॉल सिंह संयुक्त निदेशक (सूचना व जनसंपर्क) भी मौजूद थे।
अभ्यर्थियों को दोबारा करना होगा आवेदन
जूनियर ऑफिस असिस्टेंट की पूर्व में विज्ञापित भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करना पड़ेगा लेकिन उन्हें शुल्क नहीं देना होगा। कुलपति ने कहा इस भर्ती के लिए तीन हजार से अधिक आवेदन आए थे। इनमें से 2784 सही पाए गए थे और करीब दो हजार अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी थी। अब सभी पदों के लिए दोबारा प्रक्रिया चलाई जाएगी।