स्मार्ट सिटी धर्मशाला में ग्रीन बिल्डिंग निर्माण पर मिलेगी टैक्स में छूट, नगर निगम का बड़ा कदम
Smart City Dharamshala नगर निगम धर्मशाला की करुणा शहरी क्षेत्र के बाशिंदों पर बरसी है। इसके तहत नए वित्तवर्ष की शुरुआत से ग्रीन बिल्डिंग निर्माण पर 50 फीसद टैक्स में छूट मिलेगी।
धर्मशाला, राजेंद्र डोगरा। नगर निगम धर्मशाला की करुणा शहरी क्षेत्र के बाशिंदों पर बरसी है। इसके तहत अप्रैल यानी नए वित्तवर्ष की शुरुआत से ग्रीन बिल्डिंग निर्माण पर 50 फीसद टैक्स में छूट मिलेगी। हालांकि इसके लिए 30 जनवरी को नगर निगम धर्मशाला की बैठक में पारित प्रॉपर्टी टैक्स बायलॉज नागरिकों के सुझाव के लिए रखे गए हैं और इन्हें अंतिम रूप देकर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। अधिसूचना जारी होते ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। यह सुविधा केवल पुराने शहर में ही लागू होगी। पुराने शहर में वार्ड एक से लेकर आठ तक का क्षेत्र शामिल है जबकि नया क्षेत्र यानी मर्ज पंचायतों वाला है।
दो हिस्सों में बांटा है शहर
बायलॉज के अनुसार धर्मशाला शहर को दो हिस्सा यानी ए और बी जोन में बांटा गया है। ए जोन में पुराना शहर के साथ-साथ वार्ड 10 व 11 को शामिल किया गया है। बी जोन में मर्ज क्षेत्र शामिल किए गए हैं। मर्ज क्षेत्र के तहत वार्ड नौ सकोह, वार्ड 12 बड़ोल, वार्ड 13 दाड़ी, वार्ड 14 कंड, वार्ड 15 खनियारा, वार्ड 16 सिद्धपुर व वार्ड 17 सिद्धबाड़ी को शामिल किया है। बायलॉज के अनुसार पुराने शहर के बाशिंदों को भी टैक्स में राहत मिलनी है।
क्या है ग्रीन बिल्डिंग
ग्रीन बिल्डिंग उस भवन को कहा जाता है, जिसके निर्माण में पर्यावरण का महत्वपूर्ण रोल होता है। इस तरह की बिल्डिंग में प्राकृतिक संपदा का उपयोग ज्यादा किया जाता है। ऐसे भवनों में बिजली, पानी और अन्य संसाधनों की खपत आम बिल्डिंग से कम होती है।
क्या हैं फायदे
ग्रीन बिल्डिंग में सबसे ज्यादा पानी की बचत होती है। ग्राउंड वाटर रिजार्चिंग के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिग की जाती है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में ड्यूल फ्लश लाइन का यूज किया जाता है। इसके तहत फ्लश में इस्तेमाल पानी को ट्रीटमेंट के बाद वापस फ्लश और दूसरे कामों के लिए किया जा सकता है। बिल्डिंग में इस्तेमाल होने वाले पानी को रिसाइकल कर उसे वापस उपयोग में ले सकते हैं। गवर्नमेंट प्रोजेक्टस के साथ लोग ऑफिस और घर को ग्रीन बिल्डिंग कंसेप्ट के तहत डिजाइन करवा रहे हैं। ऐसे भवनों में सन लाइट का यूज ऐसे होता है कि घर में प्रकाश तो मिले पर उसका तापमान न बढ़े। इससे दिन में लाइटें जलाने की जरूरत कम पड़ती है। साथ ही बिजली की भी बचत होती है।
क्या कहते हैं अधिकारी
- ग्रीन बिल्डिंग निर्माण पर 50 फीसद की छूट शहरियों को दी जाएगी। यह व्यवस्था अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए बकायदा प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे का बायलॉज बैठक में पारित कर दिया गया है। इसके लिए सुझाव लिए जा रहे हैं। जैसे ही सुझाव लेने की अवधि समाप्त होगी तो इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। -प्रदीप ठाकुर, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला।
- प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे के लिए नगर निगम ने बायलॉज पारित कर दिए हैं। इसके तहत शहर को ए और बी जोन में विभाजित किया गया है। ए जोन में पुराने जबकि बी में नए क्षेत्रों को शामिल किया गया है। ग्रीन बिल्डिंग बनाने पर 50 फीसद तक की छूट शहर के बाङ्क्षशदों को दी जाएगी। -देवेंद्र जग्गी, महापौर नगर निगम धर्मशाला।