चार दिन बाद बहाल हुआ तांदी संसारी लेह मार्ग,वाहनों की आवाजाही हुई शुरू
तिंदी के पास जंगल बेरी में भूस्खलन से बंद तांदी संसारी मार्ग चार दिन बाद बहाल हो गया है गत शनिवार को बारिश के कारण यह इस मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ था। खराब मौसम सड़क बहाली में बाधा बना हुआ था।
मनाली,जागरण संवाददाता। तिंदी के पास जंगल बेरी में भूस्खलन से बंद तांदी संसारी मार्ग चार दिन बाद बहाल हो गया है गत शनिवार को बारिश के कारण यह इस मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ था। खराब मौसम सड़क बहाली में बाधा बना हुआ था। सड़क बंद होने से मनाली आने वाले लोग किलाड़ में जबकि किलाड़ जाने वाले लोग व वाहन उदयपुर में फंस गए थे। सड़क बहाल होने से सभी को राहत मिल गई है। इस मार्ग पर बीआरओ सड़क को डबल लेन बनाने में जुटा हुआ है। सड़क के डबल लेन बनते ही किलाड़ पांगी के लोगों का सफर सुहाना हो जाएगा। दूसरी ओर मनाली लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है।
बारालाचा दर्रे में बर्फ गिरने के बाद पारा माइनस पर पहुंच रहा है और सड़क में बर्फ व पानी जम रहा है। जिससे सुबह शाम सफर जोखिमभरा हो गया है। लाहुल स्पीति प्रशासन ने खतरे को देखते हुए समय निर्धारित कर दिया है। आने जाने वालों को दारचा व सरचू चैक पोस्ट सुबह नौ के बाद व दोपहर तीन बजे से पहले पार करना होगा।
मनाली लेह मार्ग पर लेह की ओर से पर्यटक भारी संख्या में मनाली आ रहे हैं। शिंकुला दर्रे की ओर भी वाहनों की आवाजाही सुचारू है। पर्यटक शिंकुला तक जा रहे हैं जबकि जांस्कर के ग्रामीण शिंकुला पार कर मनाली व पददुम आ जा रहे हैं। उधर, ग्राम्फु काजा मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है। इस मार्ग पर अब पर्यटकों की आवाजाही कम हो गई है। बीआरओ अधिकारी ने बताया कि तांदी संसारी मार्ग बहाल कर लिया है। उन्होंने बताया कि बीआरओ की सभी सड़कों में वाहनों की आवाजाही सुचारू है।