चिंतपूर्णी में दर्शन के बाद ज्वालामुखी मंदिर जा रहे परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोग घायल, दो गंभीर
Sumo accident Dehra पुलिस थाना देहरा के तहत चिंतपूर्णी-देहरा सड़क पर डीजे होटल के पास एक टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
देहरा, जेएनएन। पुलिस थाना देहरा के तहत चिंतपूर्णी-देहरा सड़क पर डीजे होटल के पास एक टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, इनमें से दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से दो महिलाओं को डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा के लिए रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है चालक ने अचानक गाड़ी से नियंत्रण से खो दिया व वाहन सड़क पर ही पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में घायल 22 वर्षीय शिवानी व 47 वर्षीय बीना देवी निवासी धनेटा फतेहपुर गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। बताया जा रहा है बच्चे की हालत खतरे से बाहर है। घायलों को देहरा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा सहायता देने के बाद इलाज के लिए टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डीएसपी देहरा रणधीर ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना के इस मामले में पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया है। मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह धनेटा से एक परिवार के लोग दो गाडिय़ों में सवार होकर चिंतपूर्णी और ज्वालामुखी माता के दर्शनों के लिए घर से निकले थे। चिंतपूर्णी के दर्शनों के बाद जब यह परिवार ज्वालामुखी देवी के दर्शनों के लिए दो गाडिय़ों में आगे पीछे चल रहा था तो होटल के पास सड़क पर एक बैल आ गया। बैल को बचाने के चक्कर में टाटा सूमो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इस दौरान सूमो गाड़ी सड़क पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सामरा के साईं गांव में पत्थर गिरने से महिला घायल
सामरा के साईं गांव में बाजू में पत्थर लगने से महिला घायल हो गई। महिला का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है। 47 वर्षीय आशा पत्नी प्रहलाद निवासी गांव साईं बुधवार को घर के समीप कार्य कर रही थी। इस दौरान अचानक ऊपरी तरफ से एक पत्थर आकर उसके बाजू पर लगा, जिस कारण महिला घायल हो गई तथा उसकी चीख निकल गई। इस दौरान घर में मौजूद लोग महिला के पास पहुंचे। उन्होंने पाया कि महिला की बाजू पर काफी चोट आई है, जिस पर उन्होंने देर न करते हुए महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया है।