भाजपा विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम : सुक्खू
प्रदेश में अस्थिरता का माहौल नहीं है, कांग्रेस सरकार पूरी तरह से स्थिर है। यह बात आज नूरपुर में पत्रकारों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केवल सुर्खियों में रहने के लिए आए दिन यह बयान दे रहे हैं
नूरपुर : प्रदेश में अस्थिरता का माहौल नहीं है, कांग्रेस सरकार पूरी तरह से स्थिर है। यह बात आज नूरपुर में पत्रकारों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केवल सुर्खियों में रहने के लिए आए दिन यह बयान दे रहे हैं कि प्रदेश में अस्थिरता का माहौल है। प्रदेश में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत हासिल है व सरकार को किसी भी तरह का खतरा नहीं हैं। भाजपा प्रदेश में विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह से नाकाम रही है। भाजपा में यदि दम होता तो विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती थी। भाजपा को पता है कि कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत हैं इसलिए भाजपा अविश्वास प्रस्ताव लाने की हिम्मत नहीं की। भाजपा ने लोगों को सब्जबाग दिखा कर केंद्र में धोखे से सत्ता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में सत्ता में आने पर हर साल एक करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने तथा हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपये जमा करने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन घोषणाओं को चुनावी जुमले बता रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस ने मोदी के झूठ की पोल खोलने के लिए मोदी के बोल ए जुमलों के ढोल पोल खोल कार्यक्रम शुरू किया है। सुक्खू नें कहा कि पार्टी ने मिशन 2017 की अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस 2017 में पुन: भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी क्योंकि जनता का केंद्र की मोदी सरकार से मोहभंग हो चुका हैं। पत्रकार वार्ता में विधायक अजय महाजन, प्रदेश कांग्रेस सचिव विशाल चंबियाल, कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विक्रम पठानिया व कांग्रेस नेता टीपू खान सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
सुक्खू से मिले परिवहन निगम के पेंशनर्स
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नूरपुर दौरे के दौरान परिवहन निगम के पेंशनर्स का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला। पेंशनर्स ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। पेंशनर ने सरकार से उन्हें हर माह नियमित रूप से पेंशन देने की मांग की। सुक्खू नें उसी समय पेंशनर्स की मौजूदगी में परिवहन मंत्री जीएस बाली को फोन कर उन्हें उनकी मांग के बारे में अवगत करवाया व परिवहन मंत्री को पेंशनर्स की मांगों पर कार्यवाही करने को कहा! बाली ने सुक्खू को जल्द ही परिवहन निगम के पेंशनर्स की दो माह की पेंशन जारी करने बात कही।