कांगड़ा में महिला के पर्स से 20 हजार रुपये चुराए, पुलिस ने बाजार में ही पकड़ी तीन आरोपित महिलाएं
Stole Money from Purse कांगड़ा बाजार में सोमवार को एक महिला के बैग से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए।
कांगड़ा, जेएनएन। कांगड़ा बाजार में सोमवार को एक महिला के बैग से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीडि़ता की शिकायत पर कांगड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपित महिलाएं मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं। सोमवार दोपहर बहुतकनीकी संस्थान कांगड़ा के सामने एसबीआइ की एटीएम से संतोष कुमारी पत्नी देशराज निवासी इच्छी ने 20 हजार रुपये निकाले। उसने रुपये पर्स में डाले और बिजली बिल जमा करवाने जा रही थी तो उसके आगे-पीछे दो तीन महिलाएं भीजा रही थीं। जैसे ही वह बिजली बिल जमा करवाकर बाजार में लंगर खाने के लिए रुकी तो वहां काफी भीड़ थी। इस दौरान वहां से वह सब्जी लेने के लिए दुकान में गई तो देखा कि पर्स की जंजीर खुली थी और सारे रुपये गायब थे।
संतोष कुमारी ने इस बाबत जानकारी कांगड़ा पुलिस को दी। पीडि़त महिला ने अपने आगे-पीछे जा रही दो तीन महिलाओं पर शक जताया। पुलिस ने आरोपित महिलाओं को कांगड़ा बाजार में ही पकड़ लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस उपाधीक्षक कांगड़ा सुनील राणा ने बताया गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान 24 वर्षीय श्वेता पत्नी साहिल, 25 वर्षीय प्रीति पत्नी महिंद्र तथा 24 वर्षीय रूपा पत्नी बलवंत के रूप में हुई हैं। तीनों आरोपित महिलाएं गांव गुलजेडी डाकघर पिपलिया तहसील पचोरा जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया आरोपित महिलाओं से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों औरतें रेलवे स्टेशन पठानकोट के पास रहती हैं। उल्लेखनीय है कि कांगड़ा में इस प्रकार की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बीते दिनों यहां चेन स्नैचिंग भी हुई थी, इसके आरोप में भी पुलिस ने कुछ महिलाओं को पकड़ा था, लेकिन सुबूत न होने के कारण जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। कांगड़ा बाजार बेहद भीड़भाड़ वाला होने के कारण अकसर यहां इस तरह की घटनाएं पेश आ रही हैं।