मंत्री के आश्वासन के बाद स्पीति में मजदूरों ने खत्म की क्रमिक भूख हड़ताल, कल किया था घेराव
लाहुल-स्पीति के काजा में क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने मंत्री डॉ रामलाल मार्कंडेय से आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी है।
केलंग, जेएनएन। लाहुल-स्पीति के काजा में क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने मंत्री डॉ रामलाल मार्कंडेय से आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी है। समदो काजा ग्राफू मार्ग बीआरओ के अधीन था, जिसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी को देने के बाद लगभग 213 मजदूर बेरोजगार हो गए थे। बीआरओ में काम करने वाले स्पीति घाटी के ये मजदूर छह जून को क्रमिक हड़ताल में बैठ गए थे।
सुबह एडीएम काजा ज्ञान सागर नेगी ने मजदूरों को जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त करवाई। ज्ञान सागर नेगी ने बताया कि मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है।
मंगलवार को मजदूरों से बातचीत करने के लिए कृषि मंत्री डॉ रामलाल मार्कंडेय काजा पहुंचे थे। इस बीच उनका महिलाओं ने विरोध किया था। बाबजूद इसके मंत्री ने कल दोपहर बाद बातचीत कर इस समस्या का समाधान किया।
यूनियन के अध्यक्ष प्रीतम और नोरबू बौद्ध ने कहा कि छह जून से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी। मजदूरों के अनुसार केंद्र सरकार के इस फैसले से उनके रोजगार छीनने की तलवार लटकी हुई थी। इसी वजह से मजदूर आंदोलन कर रहे थे। मंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि उन्हें किसी तरह से बेरोजगार होने नहीं दिया जाएगा।