Special Train: मुंबई और गोवा से हिमाचल पहुंचे 1289 लोग, रातभर ऊना रेलवे स्टेशन पर डटा रहा प्रशासन
Special Shramik Train रविवार रात को ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली दो ट्रेनें सोमवार सुबह पहुंची।
ऊना, जेएनएन। रविवार रात को ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली दो ट्रेनें सोमवार सुबह पहुंची। मुंबई से आई ट्रेन में करीब 700 यात्री पहुंचे, जबकि गोवा से 589 लोगों की घर वापसी हुई है। मुंबई से आई ट्रेन करीब तीन घंटे देरी से पहुंची, जबकि गोवा से आई ट्रेन को नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर कुछ देर रोका गया। ट्रेन में पहुंचे लोगों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी। हिमाचलल पथ परिवहन निगम की करीब 50 बसों में दोनों ट्रेनों के यात्रियों को गृह जिला में भेजा गया है।
स्टेशन पर इन यात्रियों को शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए उतारा गया। स्वयं डीसी ऊना संदीप कुमार पूरे प्रशासनिक अमले के साथ जुटे हुए थे। यात्रियों के हाथों को सैनिटाइज करवाया गया और उनकी थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई। सीएमओ डॉ. रमन शर्मा व डॉ. निखिल शर्मा ने बताया सभी लोगों की जांच की गई, लेकिन किसी में कोविड जैसे लक्षण देखने को नहीं मिले।
दो ट्रेनें ऊना पहुंचने के उपरांत सोमवार रात करीब 12 बजे एक और ट्रेन ऊना पहुंचेगी। यह ट्रेन महाराष्ट्र के पुणे से आ रही है। पुणे से यह गाड़ी रविवार शाम पांच बजे रवाना हो चुकी है। इसके अलावा आज शाम चेन्नई से एक ट्रेन पठानकोट रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसमें हिमाचल प्रदेश के 263 लोग सवार हैं।