रोहतांग समेत चोटियों पर हिमपात
मौसम के करवट बदलते ही पर्यटन नगरी मनाली व जनजातीय जिला लाहुल स्पीति की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे समेत बारालाचा में दो से तीन इंच बर्फबारी हुई है।
मनाली, जागरण संवाददाता। मौसम के करवट बदलते ही पर्यटन नगरी मनाली व जनजातीय जिला लाहुल स्पीति की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे समेत बारालाचा में दो से तीन इंच बर्फबारी हुई है। दर्रे के दोनों ओर घाटियों में सुबह से ही बादल छाए हैं।
नवंबर में मौसम साफ रहा, जिससे शुष्क ठंड का प्रकोप बढ़ गया था। अब मौसम के करवट बदलते ही पर्यटन नगरी मनाली में बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। अक्टूबर के बाद मनाली व लाहुल की वादियां बर्फ फाहों का इंतजार कर रही हैं। मौसम के बदले तेवरों से बर्फबारी होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी छह दिसंबर तक मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। मनाली की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, व्यास कुंड, दशौहर, भुगू झील, हामटा पास और शिरघन तुंग पर हल्का हिमपात हुआ है। चोटियों पर हिमपात से मनाली का मौसम ठंडा हो गया है।
लाहुल की ओर बारालाचा, शिंकुला, कुंजुम, लेड़ी आफ केलंग, बड़ा व छोटा शीघ्री ग्लेशियर, चंद्रभागा रेंज सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। मनाली प्रशासन ने रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए पहले ही बंद कर दिया है जबकि लाहुल स्पीति प्रशासन ने भी अब दारचा से आगे जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रोहतांग दर्रा बंद होने के चलते पर्यटक लाहुल के कोकसर व सिस्सू में बर्फ के दीदार को दस्तक दे रहे हैं। मनाली घाटी में भी बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। बर्फबारी होने पर पर्यटन कारोबार भी गति पकड़ेगा। उपायुक्त लाहुल स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि लाहुल स्पीति की पहाडिय़ों में बर्फबारी के क्रम शुरू हो गया है। लाहुल घाटी में पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।